Jaipur News: एसीबी ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए XEN के पद पर कार्यरत हरिप्रसाद मीणा के आधा दर्जन ठिकानों पर छापा मारा.
Trending Photos

Jaipur News: एसीबी ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दूदू में पीडब्ल्यूडी में XEN के पद पर कार्यरत हरिप्रसाद मीणा के आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया. एसीबी को गोपनीय सूत्रों से हरिप्रसाद मीणा के खिलाफ अवैध तरीकों से करोड़ों की काली कमाई अर्जित करने की सूचना प्राप्त हुई.
इस पर सूचना को पुख्ता करते हुए एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया. साथ ही कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त कर आरोपी के दूदू, दौसा लालसोट और जयपुर में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की.
एसीबी द्वारा XEN हरिप्रसाद मीणा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज करने के बाद ऑपरेशन ऑडी चलाकर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया. इसके तहत आरोपी के जयपुर के जगतपुरा, दौसा के लालसोट और दूदू स्थिति अलग-अलग ठिकानों पर एसीबी की कई टीम द्वारा छापेमारी की गई.
एसीबी द्वारा की गई सर्च की कार्रवाई में 4 करोड़ रुपये की आय से अधिक बड़ी संपत्तियों का खुलासा हुआ, जो आरोपी की वैध आय से 200% अधिक है. सर्च के दौरान दो ऑडी, एक फोर्ड एंडेवर, एक स्कॉर्पियो और दो महंगी बाइक बरामद की गई. बरामद किए गए वाहनों की कीमत 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है. सर्च की कार्रवाई के दौरान जयपुर के जगतपुरा स्थित फ्लैट और दूदू स्थित किराए के मकान से 1 लाख 70 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई.
साथ हीं, विदेशी यात्राओं और महंगे होटलों में रुकने पर 45 लाख रुपए खर्च करने के साक्ष्य एसीबी टीम के हाथ लगे. वहीं, जयपुर के महल रोड पर 1.50 करोड़ रुपये की कीमत के तीन लग्जरी अपार्टमेंट, दौसा के लालसोट स्थित बगड़ी गांव में लग्जरी फार्म हाउस सहित अनेक चल अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ. आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के 19 बैंक खातों में करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन होना पाया गया.
आरोपी द्वारा बैंक से करोड़ों रुपये का लोन लिया गया, जिसका अल्प समय में ही पूर्ण भुगतान कर दिया गया. आरोपी के दोनों बच्चे महंगे स्कूल में अध्यनरत हैं. इसके साथ ही आरोपी के दो बैंक लॉकर होने की जानकारी भी सामने आई है. प्रॉपर्टी के दस्तावेज और बैंक खातों और लॉकरों को खंगाल जाना अभी शेष है. आरोपी के खिलाफ एसीबी का सर्च लगातार जारी है और सर्च पूरा होने के बाद बड़ी मात्रा में काली कमाई उजागर होने की संभावना है.