&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रीभार में गिरावट दर्ज की जा रही है. केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी जून 2025 के आंकड़ों में जयपुर एयरपोर्ट व्यस्तता के लिहाज से देश के टॉप 10 में शामिल नहीं हो सका है. स्थिति यह है कि जयपुर एयरपोर्ट फिसलकर 15वें स्थान पर जा पहुंचा है.
दरअसल, जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रीभार में बढ़ोतरी दर्ज होने के बजाय गिरावट दर्ज की जा रही है. जून 2024 की तुलना में जून 2025 में जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रीभार में 9.4 फीसदी की कमी रही है. पिछले साल जून में जयपुर एयरपोर्ट से 4 लाख 48 हजार यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि इस बार घटकर यह संख्या 4 लाख 6 हजार ही रह गई है. इसी तरह पिछले साल अप्रैल से जून तक 3 माह की अवधि में 13 लाख 61 हजार यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि इस बार यह संख्या 12 लाख 5 हजार रह गई है. इस तरह पिछले साल के शुरुआती तीन माह की तुलना में इस वित्त वर्ष में यात्रीभार में 11.5 फीसदी की गिरावट रही है.
जून 2025 में किस एयरपोर्ट से कितना रहा यात्रीभार
- दिल्ली एयरपोर्ट से 61.62 लाख यात्रियों ने यात्रा की, देश में अव्वल
- मुम्बई एयरपोर्ट 44.32 लाख यात्रियों के साथ देश में दूसरे नंबर पर
- बेंगलूरु 36.38 लाख के साथ तीसरे, हैदराबाद 26.25 लाख के साथ चौथे पर
- चेन्नई एयरपोर्ट 19.23 लाख के साथ रहा है 5वें नंबर पर
- कोलकाता एयरपोर्ट 17.34 लाख के साथ छठे नंबर पर
- अहमदाबाद से 11.01 लाख यात्री 7वें पर, पुणे 9.10 लाख यात्री 8वें पर
- कोच्चि 9 लाख यात्री, 9वें पर, गुवाहाटी 5.46 यात्री, 10वें नंबर पर
- गोवा 5.01 लाख यात्री, 11वें पर, लखनऊ 4.97 यात्री, 12वें पर
- भुवनेश्वर 4.34 लाख यात्री 13वें पर, गोवा (मोपा) 4.16 लाख यात्री, 14वें पर
- जयपुर एयरपोर्ट से 4.06 लाख ने की यात्रा, जयपुर 15वें नंबर पर
आंकड़ों के लिहाज से यह चिंताजनक है कि गोवा का मोपा एयरपोर्ट और भुवनेश्वर एयरपोर्ट भी जयपुर एयरपोर्ट से कहीं आगे रहे हैं. दरअसल भुवनेश्वर एयरपोर्ट जयपुर एयरपोर्ट की तुलना में कहीं छोटा एयरपोर्ट है, जहां से अक्सर जयपुर की तुलना में कम यात्रीभार ही रहता है. इसी तरह गोवा का मोपा एयरपोर्ट करीब 3 साल पूर्व ही शुरू हो सका है. गोवा का पुराना दाबोलिम एयरपोर्ट आज भी टॉप एयरपोर्ट की सूची में शामिल है. मोपा एयरपोर्ट पर भी जयपुर एयरपोर्ट से अधिक यात्रीभार रहा है. वहीं दूसरी तरफ फ्लाइट संचालन की बात करें तो स्थिति थोड़ी बेहतर रही है. जयपुर एयरपोर्ट से जून माह में 3128 फ्लाइट संचालित हुई हैं, यानी रोज औसतन 52 फ्लाइट्स का संचालन हुआ है. हालांकि पिछले साल की तुलना में फ्लाइट संचालन भी कम ही रहा है. अब उम्मीद की जा रही है कि अक्टूबर से जब पर्यटन सीजन शुरू होगा, तो जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन और यात्रीभार दोनों में ग्रोथ देखने को मिलेगी.
ये भी पढ़ें- Rajasthan Politics: मदन राठौड़ ने कसा तंज, बोले- कांग्रेस ने तुष्टिकरण को बना दिया वोट बैंक का धंधा...
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!