&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम ग्रेटर ने योग महोत्सव-2025 के महासंगम में इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान में दो विश्व कीर्तिमान बनाए. सौ से ज्यादा योग संस्थाओं के करीब 1500 प्रशिक्षकों, योगाचार्य और योग साधकों ने बिना रुके 1800 मिनट लगातार योगाभ्यास कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है. इन्होंने एक ही छत के नीचे बिना रुके बिना थके 30 घंटे तक एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य का संदेश देने के उद्देश्य के साथ युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने अखंड योग किया.
अखंड योग का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और महापौर एवं योग ब्रांड एम्बेसेडर डॉ. सौम्या गुर्जर को एशिया बुक ऑफ रिकार्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्डस् का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और मेडल पहनाकर सम्मानित किया. विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार दोपहर दो बजे शुरू हुए अनवरत योग कार्यक्रम में योग साधकों ने सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन, भुजंगासन, पर्वतासन, दंडासन, शीर्षासन, चतुरंगासान, सेतुबंधासन सहित विभिन्न तरह की योग क्रियाएं की. ये दौर रविवार देर शाम आठ बजे तक तक चलता रहा और 30 घंटे अखंड योग कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना.
इन 30 घंटों में जब भी ग्रुप बदलता था तो इस दौरान 2 मिनट तक दो ग्रुप एक साथ योगाभ्यास करते थे और उसके बाद एक ग्रुप उसमें से हट जाया करता था. इसे लगातार मॉनिटर भी किया गया. इस दौरान योग साधकों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए कुछ ऐसे हैरतअंगेज योग किए, जिन्हें देख लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली. मेयर डॉक्टर सौम्या गुर्जर ने कहा की ये विश्व कीर्तिमान सिर्फ नगर निगम का नहीं बल्कि उन सभी योग साधकों का है, जिन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व को योग के माध्यम से जोड़ा है.
इस दौरान यहां पर्यावरण शुद्धि और सभी की मंगल कामना के लिए सवा 11 घंटे गौमय यज्ञ भी किया गया. जिसमें 30 हजार 776 आहुतियां दी गई. जैसे ही यज्ञ की पूर्णाहुति हुई तभी इंद्र भगवान ने कृपा दृष्टि शुरू कर दी. ये संकेत है कि मुख्यमंत्री का वंदे गंगा अभियान सफल रहेगा और प्रदेश की नदियां, तालाब और जलाशय लबालब होंगे. राजस्थान के किसान खुश होंगे और संपन्नता आएगी. इस दौरान सभी प्रतिभागियों और आगन्तुकों को पौधे भी दिए गए. उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ये योग यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन शैली में उतार ले तो न सिर्फ उनका शारीरिक और मानसिक विकास होगा, बल्कि वो हमेशा स्वस्थ भी रहेंगे.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के योग को विश्व के 180 से ज्यादा देशों तक पहुंचाया है. ये योग पुरातन समय की विधा है. जिसे जन-जन तक पहुंचाकर हम स्वस्थ समाज बनाने की और अग्रसर हो सकते हैं. गौरतलब हैं की पिछली साल भट्टारक जी की नसिया स्थित इंद्रलोक सभागार में 16 और 17 जून को 51 योग संस्थाओं ने मिलकर 1611 मिनट अखंड योग कर विश्व कीर्तिमान बनाया था. जयपुर के इस रिकॉर्ड को खुद जयपुर ने ही तोड़ दिया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!