&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: शिप्रापथ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक का अपहरण कर बंधक बनाकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में युवती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जानकारी में सामने आया कि हनी ट्रैप गैंग का सरगना उत्तर प्रदेश में रेलवे कर्मचारी है.
वहीं, इस गिरोह ने तीन महीने पहले एक युवक को टारगेट कर विश्वास में लेकर फंसाया और फिर दोस्ती कर युवती ने धोखे से मिलने बुला साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण किया. हनीट्रैप में फंसाने की धमकी देकर मारपीट कर रुपयों की डिमांड की.
शिप्रा पथ थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक का अपहरण कर बंधक बनाकर हनी ट्रैप मामले में फंसाने की धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में आरोपी युवती रीना मीणा उर्फ सुमन मीणा, भरत लाल मीना और रामकेश मीणा को गिरफ्तार किया है.
गैंग का मास्टरमाइंड आरोपी भरत लाल मीना उत्तर प्रदेश लखनऊ में रेलवे में टेक्नीशियन है, जो छुट्टी लेकर वारदात को अंजाम देने जयपुर आया था. गौरतलब है कि दौसा के महवा निवासी युवक ने मामला दर्ज करवाया था कि उसके भाई के मोबाइल से एक अनजान व्यक्ति का फोन आया. फोन करने वाले ने कहा कि उसके भाई को हमने पकड़ रखा है. उसने किसी लड़की से दुष्कर्म किया है और उसे दुष्कर्म के केस से बचाना चाहते हो तो बताए स्थान पर 8 लाख रुपये लेकर आ जाओ, नहीं तो इसको मारेंगे और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा देंगे.
पीड़ित के भाई ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और पुलिस टीम ने अपहृत युवक के परिजनों को रुपए देकर बदमाशों द्वारा जगन्नाथपुरी त्रिवेणी नगर स्थित भेजी गई लोकेशन पर भेजा. पुलिस टीम ने दबिश देकर रुपये लेने आए दोनों अपहरणकर्ताओं को धर-दबोचा.
पूछताछ में आरोपितों ने दुर्गापुरा के शांति नगर स्थित किराए के मकान पर युवक को बंधक बनाकर रखना बताया. पुलिस के पहुंचने पर युवक को बंधक बनाकर रखे गए कमरे के बाहर युवती बैठी मिली. युवती को पकड़ कर लॉक खुलवाने पर अंदर कमरे में अपहृत युवक घबराया हुआ मिला. इसके बाद पुलिस ने अपहृत युवक को आरोपियों के कब्जे से मुक्त करवाया गया. पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित युवक को कई घंटे से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है.
बदमाशों ने तीन दिन पहले ही वारदात को अंजाम देने के लिए मकान का एक हिस्सा किराए पर लिया था. पीड़ित युवक की आरोपी युवती रीना मीणा से कॉल करवाकर दोस्ती करवाई गई. उसके बाद विश्वास में लेकर मिलने के बहाने किराए के कमरे पर बुलाया. मिलने आने पर कमरे में जाते ही पीछे से आए भरत लाल और रामकेश ने उसको पकड़ लिया. कमरे में बंधक बनकर मारपीट कर 8 लाख रुपये की फिरौती की मांग उसके परिजनों से की.
पुलिस ने जब आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल फोन खंगाले तो उनके बैंक खातों में कई संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए गए, जिसके संबंध में पुलिस पड़ताल कर रही है. वहीं, अन्य वारदातों के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ जारी है. माना जा रहा है कि पुलिस द्वारा की जा रही जांच में कई मामलों पर से पर्दा उठ सकता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!