&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले 5 महीने में एक अलग ट्रेंड देखने को मिल रहा है. देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स के लिए हवाई सेवाएं बढ़ने के स्थान पर कम हो रही हैं. जयपुर से पहले जिन शहरों के लिए रोजाना औसतन 2 से 3 फ्लाइट चल रही थीं, वे अब कम हो गई है. क्या है इसके कारण? किन शहरों के लिए उठ रही है मांग? यह रिपोर्ट पढ़िए.
30 मार्च तक जयपुर से लखनऊ के लिए रोजाना दो फ्लाइट संचालित हो रही थीं, लेकिन अब मात्र एक फ्लाइट ही उपलब्ध है. इंदौर के लिए सर्दियों के लिए रोजाना औसतन 3 फ्लाइट चल रही थीं, लेकिन अब महज एक फ्लाइट ही नियमित रूप से संचालित हो रही है. लखनऊ या इंदौर तो उदाहरण मात्र हैं, जयपुर एयरपोर्ट से देश के कुछ अन्य शहरों के लिए भी इसी तरह से या तो फ्लाइट कम हो गई है, या फिर बंद हो गई है. देश के 7 बड़े शहरों को छोड़ दें तो अन्य शहरों के लिए जयपुर से एयर कनेक्टिविटी बेहतर नहीं है.
दरअसल अभी जयपुर से केवल दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे और अहमदाबाद के लिए ही पर्याप्त संख्या में फ्लाइट चल रही हैं. इन सभी शहरों के लिए जयपुर से रोजाना औसतन 4 या इससे ज्यादा फ्लाइट चल रही हैं. जबकि अन्य प्रमुख शहरों, जिनमें लखनऊ, इंदौर, चंडीगढ़, देहरादून, गोवा, उदयपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, भुवनेश्वर शामिल हैं, वहां के लिए कम संख्या में ही फ्लाइट मिल पा रही हैं. ऐसा नहीं है कि इन शहरों के लिए डिमांड नहीं है. पूर्व में इंदौर, गोवा, लखनऊ, उदयपुर आदि शहरों के लिए 2 से 3 फ्लाइट संचालित होती रही हैं.
किन शहरों के लिए एयर फ्रिक्वेंसी की कमी
- जयपुर से उदयपुर के लिए अभी सुबह फ्लाइट, शाम को नहीं
- जयपुर से लखनऊ के लिए अभी दोपहर में फ्लाइट, शाम को नहीं
- देहरादून के लिए सुबह की फ्लाइट, शाम को नहीं
- भोपाल के लिए शाम को फ्लाइट थी, अब एक भी फ्लाइट नहीं
- चंडीगढ़ के लिए अभी सुबह और दोपहर को फ्लाइट, शाम को नहीं
- इंदौर के लिए अभी सुबह फ्लाइट, शाम को नहीं
- गोवा के लिए सुबह की मात्र एक फ्लाइट, शाम के लिए भी डिमांड
- गुवाहाटी के लिए शाम को मात्र 1 फ्लाइट, स्कोप 2 से 3 फ्लाइट का
वैसे भी सर्दियों की तुलना में जयपुर एयरपोर्ट से अभी रोजाना औसतन 22 फ्लाइट कम चल रही हैं. मार्च तक जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 72 फ्लाइट संचालित हो रही थीं, जबकि अब फ्लाइट्स की संख्या मात्र 50 ही बची है. फ्लाइट कम होने से कई शहरों की एयर कनेक्टिविटी पूरी तरह खत्म हो गई है.
इन शहरों की फ्लाइट शुरू करने की मांग
- जयपुर से जोधपुर की फ्लाइट 5 माह से बंद, शुरू करने की मांग
- जयपुर से अमृतसर और भोपाल की एयर कनेक्टिविटी नहीं
- जयपुर से कुल्लू की फ्लाइट भी है पूरी तरह से अनियमित
- फरवरी मध्य से जैसलमेर की फ्लाइट नहीं हो रही संचालित
- जम्मू (कटरा) के लिए श्रद्धालुओं की रहती है फ्लाइट की मांग
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!