
Jaipur News: राजस्थान के जमवारामगढ़ ब्लॉक के घाटी घनश्यामपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक के शराब पीकर स्कूल आने का मामला सामने आया है.
ग्रामीणों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक घनश्याम प्रसाद योगी को निलंबित कर दिया है. जिला शिक्षा अधिकारी देवी शंकर शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं.
शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल परिसर में गिरे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आता था, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी.
स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की, जिसके बाद जांच में आरोप सही पाए गए और निलंबन की कार्रवाई की गई. निलंबन काल के दौरान सांभरलेक स्थित समग्र शिक्षा अभियान केंद्र मुख्यालय रहेगा.
वहीं, बाड़मेर के गुड़ामलानी इलाके के एक स्कूल से शर्मिंदा करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. शिक्षा का मंदिर बना युद्ध का अखाड़ा बना दिखा और शिक्षक मारपीट करते. बच्चे चीख रहे थे चिल्ला रहे थे, लेकिन ना जाने किस वजह से दोनों टीचर गुत्थमगुत्था थे.
गुड़ामालानी उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विधालय सोलंकी हिरजी की ढाणी मे दोनों सरकारी शिक्षक आपस मे बच्चों के सामने धक्का-मुक्की और हाथापाई करते हुए नजर आए हैं.
अभी अभी वीडियो वायरल है और शिक्षा विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है. वीडियो वायरल होने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं कि कलियुगी शिक्षकों की इस छवि का मासूम बच्चों पर क्या असर हो रहा है ?