&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: जयपुर में सर्द हवाओं ने दस्तक दे दी है और इसका असर अब धार्मिक परंपराओं में भी साफ दिखने लगा है. मोती डूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सानिध्य में व्यंजन द्वादशी का विशेष उत्सव मनाया गया. गणेशजी महाराज को शीतकालीन परंपराओं के अनुरूप ऐसा शाही भोग लगाया गया, जिसने भक्तों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
उत्सव के दौरान भगवान को गर्म तासीर के व्यंजनों के साथ 56 भोग अर्पित किए गए. महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि अब प्रतिदिन भगवान को केसर का दूध, बाजरे का चूरमा, मेवा मिश्रित गर्म तासीर वाले व्यंजन का भोग अर्पित किए जाएंगे. सिर्फ भोग ही नहीं, बल्कि गणेशजी की सेवा-श्रृंगार भी पूरी तरह बदल गया है.
ठंड तेज होने के साथ भगवान को विंटर कोट धारण कराया जाएगा ताकि गर्भगृह की ठिठुरन से बचाया जा सकें. इत्र सेवा में भी बड़ा परिवर्तन किया गया है. यह परिवर्तन न केवल धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है बल्कि ऋतु परिवर्तन के साथ मंदिर परंपराओं की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है. व्यंजन द्वादशी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही. महंत कैलाश शर्मा के अनुसार, श्री गणेश को मौसम के अनुरूप सेवा देना प्राचीन परंपरा है.
वहीं, शीत लहर के प्रकोप से बचाने के लिए शहर के आराध्य गोविंददेवजी और राधारानी का पहनावा, भोग और दिनचर्या पूरी तरह 'विंटर मोड' में शिफ्ट हो गई है. गर्भगृह में हीटर और अंगीठी लगाई गई है. वहीं ठाकुरजी को मफलर, दस्ताने, जुराबें और रात में रजाई ओढ़ाकर सर्दी से बचाव की खास सेवा शुरू हो गई है.
मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष द्वादशी यानी व्यंजन द्वादशी पर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में विशेष झांकी सजाई गई, जिसमें ठाकुरजी 25 प्रकार के कच्चे भोग और छप्पन भोग के बीच विराजे. कुल मिलाकर 101 व्यंजनों का विशाल भोग लगाया गया.
जिसे देखकर भक्तों ने इसे ठाकुरजी का शीतकालीन शाही भोज करार दिया. सर्दी के बढ़ते असर के साथ ही ठाकुरजी की पूरी दिनचर्या भी बदल गई है. रहना, पहनना, ओढ़ना और भोग… सब कुछ अब शीतकालीन अनुशीलन के अनुरूप. मंदिर में आने वाले भक्त भी ठाकुरजी के इस विंटर अवतार को देखकर भाव-विभोर हो रहे हैं. जयपुर में ठंड चाहे जितनी बढ़ जाए, लेकिन भक्तों का कहना है ठाकुरजी जब दस्ताने और जुराब पहनकर मुस्कुरा देते हैं, तो मौसम अपने आप गर्म लगने लगता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!