Rajasthan News: 'अंगद के पांव' की तरह जमा बिजली AEn, हटाने के मंत्री नागर के निर्देश भी बेअसर

Rajasthan News: बस्सी में एईएन अंकित बलौदा को हटाने की मांग पर बीजेपी नेता-कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे. मंत्री के निर्देश भी बेअसर. कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में आक्रोश और पीड़ा जताया.

Rajasthan News: 'अंगद के पांव' की तरह जमा बिजली AEn, हटाने के मंत्री नागर के निर्देश भी बेअसर
Image Credit: ज़ी न्यूज़ डेस्क

Rajasthan News: 'अंगद के पांव' की तरह जमे सहायक विद्युत अभियंता को हटाने के लिए पार्टी नेता, कार्यकर्ता पूरा जोर लगा चुके हैं, लेकिन एईएन का कुछ नहीं बिगाड़ पा रहे हैं. यहां तक की बिजली मंत्री हीरालाल नागर भी जांच के बाद एईएन को हटाने के लिए लिख चुके हैं, लेकिन उनके निर्देश भी ढाक का तीन पात वाले बन गए हैं. अब नाराज ग्रामीण और जनप्रतिनिधि तथा बीजेपी नेता गुहार लगाने के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं.

बीजेपी सरकार में पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है! बस्सी विधानसभा के बीजेपी नेता और कार्यकर्ता यही शिकायत लेकर जयपुर पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे. कार्यकर्ताओं की शिकायत है कि बस्सी के बांसखोह में लगी विद्युत सहायक अभियंता अंकित बलौदा का व्यवहार जनता के साथ ठीक नहीं है. भाजपा कार्यकर्ताओं को नाजायज परेशान किया जा रहा है. उपभोक्ताओं को समय पर ट्रांसफार्मर नहीं देना तथा डिमांड नोटिस आने के बाद भी लगभग एक-एक साल तक कनेक्शन जारी नहीं किया जाता है.

मंत्री ने सीएमडी को दिए निर्देश, लेकिन बेअसर
बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की शिकायत पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सीएमडी को मार्क कर जांच के बाद एईएन को हटाने के निर्देश दिए. इधर मंत्री के निर्देश के बाद भी एईएन अंकित का कुछ नहीं बिगड़ा. ग्रामीणों का कहना है कि उल्टे एईएन बीजेपी नेताओं को गाली तक निकालकर धमकी दे रहा है. ये हालत तो तब है कि जब पूर्व विधायक और सांसद का चुनाव लड़ चुके कन्हैयालाल मीणा तथा बस्सी से विधानसभा चुनाव लड़े पूर्व आईएएस चंद्रमोहन मीणा विद्युत एईएन को हटाने के लिए एडी चोटी का जोर लगा चुके हैं, लेकिन हुआ कुछ नहीं है. इसके बाद शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण , स्थानीय नेता, जनप्रतिनिधि और विधायक प्रत्याशी चंद्रमोहन मीणा पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे.

नेताओं, कार्यकर्ताओं ने यूं व्यक्त की पीड़ा
बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे पूर्व प्रधान बजरंग लाल बोहरा ने कहा कि राजस्थान व केंद्र में बीजेपी की सरकार होने के बावजूद आज कार्यकर्ताओं की जो किरकिरी हो रही है, ऐसे आज तक कभी नहीं हुई. जब बीजेपी सरकार नहीं हुआ करती थी, तब भी कार्यकर्ताओं का ऐसा अपमान नहीं हुआ. विधायक और एमपी प्रत्याशी की भी बात नहीं सुनी जा रही है. इनको चिंता सता रही है कि अब जनता के बीच जाकर किस मुंह से वोट मांगेंगे. मंडल अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा का कहना है कि बीजेपी नेता ही नहीं आम जनता भी परेशान है, लेकिन सुनवाई नहीं होना आश्चर्य की बात है. पार्टी अध्यक्ष मदन राठौड़ से गुहार लगाने आए हैं कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुनवाई हो कि क्षेत्र में पार्टी के लिए खड़े हो सकें.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pratiksha Maurya