Jaipur News: आगामी मानसून सीजन को लेकर जयपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने स्पष्ट कहा है कि मानसून से पहले की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान में आगामी मानसून सीजन को लेकर जयपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने स्पष्ट कहा है कि मानसून से पहले की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि बारिश परिस्थितियों में कोई हादसा होता है, तो संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी.
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की. नगर निगम जयपुर ग्रेटर की आयुक्त रुक्मणी रियार और नगर निगम हैरिटेज के आयुक्त अरुण हसीजा ने इंतजामों की जानकारी दी.
कलेक्टर ने नगर निकाय, जेडीए और अन्य विभागों को निर्देश दिए कि सीवरेज और नालों की सफाई, सफाई के बाद कीचड़ और गंदगी का तुरंत उठाव, खुले चैंबर्स पर ढक्कन और नालों पर फैरो कवर लगाने के निर्देश दिए. साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्षों की स्थापना, मिट्टी के कट्टों, जेसीबी, मडपंप जैसे संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा.
जल संसाधन विभाग को सभी बांधों पर बड़े अक्षरों में चेतावनी बोर्ड लगाने, पंचायती राज विभाग को तालाबों पर चेतावनी संकेतक लगाने, पीडब्ल्यूडी को रपट क्षेत्र, लो-लाइन एरिया की मरम्मत व सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए. वहीं भूमि कटाव और जलभराव से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों की पहले से व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया.
विद्युत विभाग को ढीले तार कसने, झुके पोलों को सीधा करने, खुले फीडरों को बंद करने और ट्रांसफार्मरों को ऊंचाई पर लगाने के निर्देश मिले. पीएचइडी को पाइप लाइन लीकेज दुरुस्त करने और टैंकरों से आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया. कलेक्टर ने सभी विभागों को कहा कि वे अपने यहां बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करें और ऐसे अधिकारी नियुक्त करें जो पूरी जानकारी से लैस हों.
उन्होंने स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, जेडीए, जयपुर मैट्रो, पशुपालन व अन्य विभागों को भी अपने स्तर पर पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए. बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, आईएएस मृणाल कुमार, एडीएम दक्षिण संतोष कुमार मीणा, नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक अमित कुमार शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
Reporter- Deepak Goyal