Jaipur News: जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! फर्जी दस्तावेजों से वाहन लोन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़. सरगना विजय कुमार अग्रवाल समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा.
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: जयपुर कमिश्ररेट की पश्चिम जिला पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वाहन लोन लेकर ठगी करने वाले सरगना विजय कुमार अग्रवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह ने अब तक कई बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से करोड़ों रुपये की ठगी की हैं. गिरफ्तार अन्य आरोपियों में महिला सजल अग्रवाल और इमरान खान शामिल है.
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सरगना विजय को प्रोपर्टी में इन्वेस्ट करने शौक है. यह बाहर से कुछ अन्य लोगों को फंसाकर जयपुर लाता था और उन्हें 20—25 हजार महीना किराया देकर उन्हें अपने ही फ्लैट्स में रखता था और फिर इनके दस्तावेज लेकर इनके नामों और बैंक अकाउंट का उपयोग कर लग्जरी कार और महंगी गाड़ियों को मात्र 50 हजार से 1 लाख रुपए तक डाउन पेमेंट कर और बैंक से लोन करवाकर शोरूम से खरीद लेता था.
आरोपी विजय जिनसे दस्तावेज लेता था और उनके दस्तावेजों को एडिट करता था और जिस फ्लैट में जानकारों को लालच देकर रखता था, वहां का एड्रेस दस्तावेजों में दिखाकर वैरिफाई करवाकर बैंक से लोन ले लेता था. फिर एक या दो किश्त भरने के बाद आरटीओ में लोन चुकती दिखाकर उन कारों को बेच देता था. आरटीओ से यह कार बेचने के बाद जिस कार पर लोन है उसे विक्रेता के नाम भी रिसेल के बाद ट्रांसफर करवा देता था. डीसीपी वेस्ट अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि 2 जून 2025 को भांकरोटा थाने में सेकंड हैंड कार बेचने वाली एक कंपनी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई.
शिकायत में बताया गया कि जनवरी 2025 में एक व्यक्ति ने फर्जी आरसी कार्ड के जरिए हुंडई वेन्यू 2024 मॉडल कार कंपनी को बेची थी. जांच में पता चला कि इस गिरोह ने 8-10 अन्य वाहनों को भी इसी तरह कंपनी को बेचा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी आलोक सिंघल के सुपरविजन में एसीपी बगरू हेमेंद्र शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में डीएसटी और तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी शाखा के हैड कॉन्स्टेबल दिनेश शर्मा की सहायता और गोपनीय जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को प्रतापनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर किया.
डीसीपी वेस्ट अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि गिरोह का सरगना विजय कुमार अग्रवाल अपने गिरोह में बाहरी राज्यों के लोगों को शामिल करता था. वह किराए के अपार्टमेंट्स में इन लोगों को रखता और उनके आधार कार्ड में पते बदलवाकर बैंक खाते खुलवाता था. इन खातों में कुछ महीनों तक लेन-देन कर विश्वसनीयता बनाई जाती थी. इसके बाद विभिन्न बैंकों से वाहन लोन लिया जाता था.
लोन की कुछ किस्तें चुकाने के बाद फर्जी एनओसी के जरिए आरटीओ से वाहन का हाइपोथिकेशन हटवाकर गाड़ी गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम ट्रांसफर कर दी जाती थी. फिर ये वाहन अन्य कंपनियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेच दिए जाते थे. अब तक 8-10 वाहनों की ऐसी ठगी सामने आई है और जांच में यह आंकड़ा बढ़ सकता है. विजय कुमार अग्रवाल एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.
इसके खिलाफ 2008 में सोडाला थाने में गर्ग मोटर्स के नाम से फर्जी खाता खोलकर 15 मोटरसाइकिलों की ठगी, 2012 में अजमेर के सिविल लाइन थाने में 12 मुकदमे, जिसमें ट्रैक्टरों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर श्रीराम फाइनेंस से रिफाइनेंस करवाना 2012 में दौसा कोतवाली थाने में ट्रैक्टर लोन के 5 एफआईआर, 2016 उदयपुर के हाथीपोल थाने में मेग्मा फाइनेंस से कार लोन की ठगी सहित जयपुर, नागौर और अन्य थानों में पिकअप, ट्रैक्टर, और ट्रक पर फर्जी दस्तावेजों से लोन लेने के मामले दर्ज है.
वहीं इसके साथ रहने वाली सजल अग्रवाल गाड़ियों को अपने नाम ट्रांसफर करवाकर कंपनी को बेचती थी. सरगना के साथ काम कर रहा इमरान खान, विजय कुमार का पुराना सहयोगी है जो कैशियर और अन्य सहायता प्रदान करता था. सजल को विजय ने प्रताप नगर में इलेक्ट्रोनिक्स का शोरुम खुलवा रखा है और कमाई के पैसों को प्रोपर्टी में निवेश करता है.
पुलिस अब बैंकों के कर्मचारियों और आरटीओ से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है जो फर्जी दस्तावेजों और हाइपोथिकेशन हटाने में संलिप्त हो सकते हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में विभिन्न जिलों में छापेमारी जारी है. जल्द ही प्रकरण में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है.
विनय पंत की रिपोर्ट.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!