&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान के जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की साउथ जिला पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन थाना इलाकों में दबिश दे 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है.
साइबर ठगों के गिरोह का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि साइबर सेल दक्षिण, मानसरोवर, शिप्रापथ और श्याम नगर थाना पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया. इसके तहत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से बड़ी मात्रा में नगदी, एटीएम कार्ड, चेक बुक, पासबुक सहित अन्य सामान बरामद किया गया है.
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मानसरोवर थाना इलाके के न्यू आतिश मार्केट स्थित सन्नी मार्ट में संचालित जयपुर एप्स नामक फर्जी कॉल सेंटर पर दबिश दी. जहां से फर्जी कॉल सेंटर के संचालक सुरेंद्र दौतड सहित चंद्रशेखर, रितेश जांगिड़ और महेश स्वामी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी सुरेंद्र नागौर स्थित बीआर मिर्धा कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रहा है.
पुलिस ने मौके से एक डेक्सटॉप, 5 लैपटॉप, 9 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, 5 पेमेंट स्कैनर, दो वाई-फाई कैमरा, तीन चेक बुक, एक पासबुक, 13 एटीएम कार्ड, तीन ऑफिस मोहर, भारतीय और नेपाली मुद्रा सहित अन्य सामान बरामद किया है. आरोपी फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से म्यूल अकाउंट में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी कर चुके हैं और साइबर फ्रॉड के लिए बैंक खाता उपलब्ध करवाते हैं.
आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, ओडिशा व तेलंगाना में कई शिकायतें रजिस्टर्ड हैं. वहीं, पुलिस ने दूसरी कार्रवाई शिप्रापथ थाना इलाके में अंजाम दी, जिसके तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर ठग यशवंत सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया.
आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नगद, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल, 23 सिम कार्ड, एक चेक बुक, एक पासबुक और 27 एटीएम कार्ड बरामद किए गए. आरोपी पढ़ाई करने वाले बच्चों को पैसों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेता.
वहीं, कमीशन पर साइबर ठगी की राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर कैश निकालने का काम करता. साथ ही अलग-अलग खातों से कैश निकालने के बाद उसे मुख्य आरोपी तक पहुंचाने का काम भी आरोपी कर रहा था. फिलहाल आरोपी से अन्य साइबर ठगों के संबंध में पूछताछ जारी है.
डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत तीसरी बड़ी कार्रवाई श्याम नगर थाना इलाके में अंजाम दी गई, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शातिर साइबर ठग परमिंदर सरदार को गिरफ्तार किया.
आरोपी अखबारों में आने वाले विज्ञापनों को देख विज्ञापन देने वाले व्यक्ति से संपर्क कर उसकी प्रॉपर्टी को किराए पर दिलाने का झांसा दे लीज एग्रीमेंट और अन्य चार्ज के नाम पर ठगी करता है. आरोपी अब तक 50 लाख रुपये की साइबर ठगी कर चुका है.
आरोपी ऑनलाइन सट्टा खेलने का आदि है और साइबर ठगी से आई हुई राशि को सीधे सटोरियों के खातों में ट्रांसफर करवाता है. आरोपी जयपुर शहर में फ्लैट, दुकान, मॉल आदि किराए पर दिलाने के नाम पर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देता है. फिलहाल पुलिस गिरफ्त में आए सभी आरोपियों से पूछताछ में जुटी है.
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर ठगी की बड़ी वारदातों तो अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है. गैंग से मिले बैंक खातों के विरुद्ध राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में साइबर पोर्टल पर 90 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं. साथ ही आरोपियों से हुई प्रारंभिक पूछताछ में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है. फिलहाल पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों से पूछताछ में जुटी है, जिसमें कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!