&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू होने के बाद जयपुर रेंज के दो जिलों में इसकी सख्ती से पालन कराई जा रही है. लेन ड्राइविंग सिस्टम के साथ ही अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरतते हुए चालान काटने की कार्रवाई को अंजाम दे रही है.
जयपुर रेंज में नेशनल हाईवे पर मनोहरपुर से शाहजहांपुर तक लेन ड्राइविंग सिस्टम सहित अन्य यातायात नियमों की अवहेलना पर चालान की कार्रवाई की जा रही है. विशेष अभियान के तहत जयपुर रेंज के जयपुर ग्रामीण और कोटपूतली-बहरोड जिले में चालान की कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत 17 दिन में 3.50 करोड़ रुपये की चालन राशि पुलिस ने जमा की है.
जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि लेन ड्राइविंग सिस्टम को लेकर जयपुर ग्रामीण और कोटपूतली-बहरोड जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अब अभियान के दायरे को बढ़ाते हुए दूदू सेक्टर को भी इसके तहत शामिल किया गया है. दूदू में अभी फिलहाल वाहन चालकों से समझाइश की जा रही है और कुछ दिनों बाद वहां पर भी चालान काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं. लेन ड्राइविंग सिस्टम को लेकर लोग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी इसकी तारीफ कर रहे हैं. साथ ही, अधिकारियों से मिलकर भी उन्हें फीडबैक दे रहे हैं.
जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि विशेष अभियान के तहत जयपुर ग्रामीण और कोटपूतली
-बहरोड जिले में हाईवे पर चालान की कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत बीते 17 दिन में 56 हजार चालान काटे गए हैं.
लेन ड्राइविंग सिस्टम का उल्लंघन करने वाले कुल 39,107 वाहन चालकों के खिलाफ एक्शन लिया गया है. इसी प्रकार से रैश ड्राइविंग करने वाले 285, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 546 और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले 8,272 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं.
इसके अलावा एमवी एक्ट के तहत 7269 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं. इस प्रकार तकरीबन 56 हजार वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की गई है, जिनसे तकरीबन 3.50 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है.
जयपुर रेंज के दो जिलों में 6 सितंबर से लेकर 22 सितंबर तक 17 दिन में 3.50 करोड़ रुपये की चालान राशि वसूली गई है और आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और भी बढ़ेगा. इसके साथ ही कोटपूतली में पुलिया निर्माण के चलते यातायात संचालन में आ रही समस्याओं का निराकरण करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है. इसके साथ ही आवारा पशुओं के गले में रिफ्लेक्टर बैंड लगाने और हाइवे पर अवैध कट बंद करने की कार्रवाई भी की जा रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!