&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: जयपुर की पॉश सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण को लेकर विवाद खड़ा हो गया. मामला राजधानी के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित बीलवा टोंक रोड की महिमा संसार एवं स्प्रिंग विला सोसाइटी से जुड़ा है. यहां सोसाइटी मैनेजमेंट ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों को खुले में तिरंगा फहराने से रोकते हुए एक नोटिस जारी कर दिया.
मैनेजमेंट की ओर से जारी नोटिस में साफ तौर पर लिखा गया था कि ध्वजारोहण केवल क्लब हाउस क्षेत्र में ही किया जा सकता है. इसके अलावा सोसाइटी के किसी भी अन्य हिस्से में झंडा नहीं फहराया जाए. इस फरमान के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोग भड़क उठे. उनका कहना है कि राज्य और केंद्र सरकार की ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम के बावजूद एक प्राइवेट मैनेजमेंट उन्हें अपने घर या परिसर में तिरंगा फहराने से कैसे रोक सकता है?
सोसाइटी में रहने वाले परिवारों का आक्रोश इस कदर बढ़ा कि उन्होंने इस तुगलकी आदेश के खिलाफ शिवदासपुरा थाने में लिखित शिकायत दे दी. शिकायतकर्ताओं ने बताया कि स्वतंत्र देश के नागरिक होने के नाते उन्हें अपने घर या छत पर तिरंगा फहराने का पूरा संवैधानिक अधिकार है. सोसाइटी मैनेजमेंट यदि इस अधिकार में बाधा बनेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस हरकत में आई. मंगलवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में सोसाइटी के निवासियों ने पूरे सम्मान और धूमधाम से ध्वजारोहण किया. सोसाइटी परिसर में देशभक्ति गीतों और नारों के बीच तिरंगे को सलामी दी गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई आधिकारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि महिमा संसार मैनेजमेंट द्वारा जारी नोटिस ने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. फिलहाल सोसाइटी में माहौल शांत है, लेकिन मैनेजमेंट के रवैये को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश बना हुआ है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!