&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: प्रदेशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शनिवार को धूमधाम से मनाई जाएगी. छोटी काशी जयपुर के मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व है. खासकर गोविंद देव जी मंदिर में इस बार भक्तों के स्वागत के साथ-साथ, AI तकनीक से लैस सुरक्षा भी होगी.
जन्माष्टमी के मौके पर जयपुर पुलिस ने शहर के प्रमुख मंदिरों-गोविंद देव जी, इस्कॉन और अक्षय पात्र में AI आधारित फेस रिकॉग्निशन कैमरे लगाए हैं. इन कैमरों से न केवल भीड़ की निगरानी होगी बल्कि ऐसे लोगों पर भी नजर रखी जाएगी जो पहले अपराधों में शामिल रहे हैं.
सुरक्षा के लिए 8 एडिशनल डीसीपी, 14 एसीपी, 64 इंस्पेक्टर, करीब 1800 पुलिसकर्मी, 2 RAC कंपनियां और 200 होमगार्ड तैनात किए गए हैं. साथ ही सादे वस्त्रों में हमारी टीम भी भीड़ में मौजूद रहेगी.
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है. मंदिर के मुख्य और आसपास के प्रवेश मार्गों पर हथियारबंद जवान तैनात हैं. सभी प्रवेश बिंदुओं पर सघन चेकिंग होगी.
CCTV कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. अभय कमांड सेंटर से रियल टाइम में सभी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकें. मंदिर परिसर में ही एक अस्थाई कंट्रोल रूम बनाया गया है. यहीं से सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग होगी.
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है. बाहरी वाहनों की मंदिर के नजदीक एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा. हमने एंट्री और एग्जिट पॉइंट अलग-अलग किए हैं, बैरिकेडिंग की गई है और AI कैमरों से मॉनिटरिंग होगी. हमारा प्रयास है कि सभी भक्त सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में दर्शन कर सकें.
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें. जयपुर पुलिस का दावा है कि सुरक्षा के इस बहुस्तरीय कवच में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी ताकि भक्तों की आस्था, श्रद्धा और उत्सव का उल्लास, सब कुछ सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में बना रहे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!