&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजधानी जयपुर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं. मंगलवार को एक बार फिर मानसरोवर स्थित स्प्रिंग फील्ड स्कूल और शिप्रा पथ थाना क्षेत्र के महर्षि अरविंद स्कूल को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए.
स्कूल प्रबंधन द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभाला. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा स्कूल परिसरों की सघन तलाशी शुरू की गई.
स्प्रिंग फील्ड स्कूल को लगातार दूसरे दिन धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया कि स्कूल के वॉशरूम और क्लासरूम में बम लगाए गए हैं और दोपहर 3:00 बजे के करीब विस्फोट किया जाएगा. इसके तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल ग्राउंड में खड़ा किया और अभिभावकों को सूचित किया. वहीं, दूसरी ओर शिप्रा पथ क्षेत्र में स्थित महर्षि अरविंद स्कूल को भी इसी प्रकार का ईमेल प्राप्त हुआ, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दो स्कूलों को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसर का कोना-कोना छान मारा. हालांकि सर्च के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई. दोनों स्कूलों के स्टूडेंट्स की छुट्टी करनी पड़ी और बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे अभिभावक भी चिंतित नजर आए.
सुरक्षा एजेंसियों पूरी सतर्कता के साथ हर सूचना को गंभीरता से ले रही हैं.
लगातार मिल रही धमकियों के कारण स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है. प्राथमिक जांच में ये ई-मेल फर्जी प्रतीत हो रहे हैं, लेकिन बार-बार हो रही घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी हैं, जिस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल कर ई-मेल भेजे जा रहे हैं. उसको ट्रैक करने की कोशिश में साइबर सेल जुटी हुई है और पुलिस के आला अधिकारी पूरे मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!