)
Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्राओं के साथ हुए देह शोषण और अभद्रता का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल सैयद मश्कूर अली के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद छात्राओं और महिला संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. शुक्रवार को गांधी सर्किल स्थित कनोड़िया कॉलेज के बाहर विभिन्न महिला संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी प्रिंसिपल को फांसी की सजा देने की मांग की.
यह मामला 3 फरवरी को सामने आया था, जब कॉलेज की कुछ छात्राओं ने तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया था कि कॉलेज की लाइब्रेरी के वॉशरूम में एक हिडन कैमरा लगाया गया है और प्रिंसिपल सैयद मश्कूर अली छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार करते हैं तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं. इस गंभीर शिकायत को संज्ञान में लेते हुए विभाग ने एक विशेष जांच कमेटी का गठन किया.
कमेटी द्वारा की गई जांच में प्रिंसिपल को दोषी पाया गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. इसके साथ ही छात्राओं के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार भी कर लिया है. गिरफ्तारी के बावजूद कॉलेज की छात्राओं में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है. उनका कहना है कि लंबे समय से वे मानसिक शोषण झेल रही थीं, लेकिन आवाज उठाने से डरती थीं.
विरोध कर रहे महिला संगठनों का आरोप है कि इस तरह के मामलों में केवल निलंबन और गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं हैं. ऐसे अपराधियों को कठोरतम सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे.
इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बल्कि राज्य के शिक्षा तंत्र और महिला सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजरें इस मामले में होने वाली न्यायिक कार्रवाई और सरकार की अगली पहल पर टिकी हुई हैं.
रिपोर्टर- अंजनी शर्मा
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!