&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Khatu shyam Ji: सीकर जिले के खाटूश्यामजी में देश के विख्यात कवि कुमार विश्वास खाटूश्यामजी पहुंचे. डॉ. कुमार विश्वास ने बाबा श्याम के दर्शन कर देश में खुशहाली की कामना की. इस दौरान श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान व मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना करवाकर उनका स्वागत किया.
दर्शन के पश्चात श्री श्याम मंदिर कमेटी के कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कवि कुमार विश्वास ने कहा कि जब देवीय विधान होता है और भगवान तय करते हैं तभी भक्त को दर्शन होते हैं.
व्यक्ति के पास चाहे कितना ही धन, लोकप्रियता, सामर्थ्य हो लेकिन ईश्वर के दर्शन प्रभू की कृपा से ही होते हैं. उन्होंने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा. मैं भगवान के दरबार में कभी भी याचना नहीं करता हूं क्योंकि वो मेरे पिता है और पिता को सब पता है कि पुत्र का कल्याण कैसे करना है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत का सांस्कृतिक उन्नयन व धार्मिक पुनरुत्थान चल रहा है, जिसमें देश का युवा भी आगे आ रहा है. यहीं कारण है कि इस नये साल पर ताजमहल से ज्यादा राम मंदिर में दर्शन करने वालों की भीड़ रही. आने वाले समय में युवाओं की आस्था और बढ़ेगी.
खाटूश्यामजी में अपने अपने राम कथा करने के सवाल पर कुमार विश्वास ने कहा कि जब बाबा श्याम आदेश कर देंगे तभी बाबा को कथा सुनायेंगे. उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा रही तो खाटूश्यामजी में यथाशीघ्र अपने-अपने श्याम सुनाने आऊंगा. इस अवसर पर डॉ. विश्वास ने ना द्वारिका में मिले विराजे ब्रज की गलियों में भी नहीं हो... कविता भी सुनाई.
दिल्ली से भक्तों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुई. डॉ. कुमार विश्वास पहले यात्री बने. रोहणी दिल्ली से अब खाटूश्यामजी व सालासर दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर की सेवा शुरू हो गई है. हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने वाले कमल कुमार ने बताया कि खाटूश्यामजी में जिला प्रशासन, पुलिस,श्री श्याम मंदिर कमेटी के सहयोग से यह सेवा शुरू हुई है और इसका शुभारंभ आज डॉ कुमार विश्वास ने सपरिवार यात्रा करके किया है.
उन्होंने कहा कि यह सेवा लगातार जारी रहेगी. चाहे दिल्ली से दो भक्त आए या चार भक्त आए. उन्होंने बताया कि खाटूश्यामजी व सालासर दर्शन की व्यवस्था रखी गई है, जिससे भक्त निर्धारित समय में दर्शन कर अपने गंतव्य पर लौट सकेंगे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sikar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!