&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Kotputli News: कोटपूतली में बानसूर के रामपुर गांव में एक मामूली सी सड़क दुर्घटना के बाद हंगामा हो गया. एक रोडवेज बस और बाइक की मामूली टक्कर के बाद बस चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट हुई, जिसके बाद हमलावरों ने एक दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की.
बस की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
यह घटना रामपुर बस स्टैंड के पास हुई, जब एक रोडवेज बस कोटपूतली के लिए रवाना हो रही थी. रास्ते में मोड़ पर बस की सामने से आ रही एक बाइक से हल्की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार युवक नीचे गिर गए. रोडवेज कंडक्टर सुनील कुमार यादव के मुताबिक, जैसे ही वे बाइक सवारों की मदद के लिए नीचे उतरे, युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया.
जान बचाने के लिए बस चालक और कंडक्टर भागकर पास की दुकानों में छिप गए. इसी अफरा-तफरी में उनकी टिकट मशीन और नगद रुपए भी गायब हो गए.
दुकान में तोड़फोड़ और हमला
दुकानदार संदीप शर्मा ने बताया कि हमलावरों में राहुल मीणा और विनोद कुमावत अपने कुछ साथियों के साथ उनकी दुकान में घुस आए और उन पर हथियार से हमला करने की कोशिश की. संदीप ने काउंटर के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई.
इस दौरान, गुस्साए युवकों ने दुकान के शीशे तोड़ दिए और खूब तोड़फोड़ की. इस झड़प में एक युवक के हाथ में शीशा लगने से वह घायल भी हो गया.
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही बानसूर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया. इस पूरे मामले में रोडवेज कंडक्टर और दुकानदार दोनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की आगे की जांच कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं KotputliNews हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!