&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bansur, Kotputli News: राजस्थान के बानसूर में देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से दुकानदार की मौत हो गई. रात में दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था. इस दौरान हादसा हो गया. हादसा हरसौरा चौक पर रात करीब 10 बजे के करीब हुआ.
जानकारी के अनुसार, नवीन कुमार यादव (35) की बाईपास रोड पर कार डेकोर की दुकान है. रात करीब 10 बजे नवीन अपनी दुकान बंद कर के घर की तरफ जा रहा था. इस दौरान हरसौरा चौक पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने नवीन को पीछे से टक्कर मार दी. सिर में गंभीर चोट आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे में नवीन के सिर पर गंभीर चोट आ गई, जिससे वो घायल हो गया. घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी, जिससे घायल नवीन को बानसूर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने नवीन को मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पारिवारिक स्थिति चिंताजनक है. उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था. पत्नी तलाक लेकर जा चुकी थी. नवीन अपनी वृद्ध मां के इकलौते बेटे थे, अब उनकी मां अकेली रह गई है. बानसूर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इससे वाहन और चालक की पहचान में मदद मिल सकती है. क्षेत्र के लोगों में इस हादसे से शोक की लहर है.
इधर, कोटपूतली के रामगढ़ निवासी आईटीबीपी जवान पंकज यादव का बीमारी के चलते उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया. यादव के आकस्मिक निधन से रायकरणपुरा ग्राम पंचायत का रामगढ़ गांव में शोक की लहर छा गई. पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.
जवान की पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची तो श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. अलवर से आई आईटीबीपी की टुकड़ी ने उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी और गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत जवान को सलामी दी.
जानकारी के अनुसार, जवान पंकज यादव उड़ीसा में पदस्थापित थे. बीते करीब एक महीने से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था और इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके निधन की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से दिवंगत जवान को अंतिम विदाई दी। परिवार की आंखों में आंसू और माहौल गमगीन रहा. जवान पंकज यादव के परिवार में पत्नी और महज 2 साल की बेटी हयाना है. कम उम्र में पिता को खो देने से बच्ची के भविष्य की चिंता से परिजन व्याकुल नजर आए. वहीं ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया. आईटीबीपी जवान की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए. नम आंखों और श्रद्धा के साथ सभी ने जवान को अंतिम विदाई दी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Kotputli News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!