&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Shahjahanpur, Kotputli News: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में उस समय दहशत फैल गई, जब पुलिस ने दो अलग-अलग गांवों के कुओं से दो शव बरामद किए.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बलिया (उत्तर प्रदेश) निवासी अशोक सिंह और उनके प्रतिष्ठान पर कार्यरत मिस्त्री विकास कुमार के रूप में हुई है. अशोक सिंह बलिया में बजाज टू-व्हीलर एजेंसी चलाते थे. उनके भाई आईआरएस अफसर निर्भय नारायण सिंह ने 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनका भाई लापता है.
अशोक सिंह को जनरेटर की जरूरत थी और उन्होंने ऑनलाइन सर्च के जरिए जयपुर में सस्ते जनरेटर मिलने की जानकारी पाई. इसके बाद वे बिना परिवार को बताए जयपुर चले गए और अपने मिस्त्री विकास कुमार को भी मौके पर बुला लिया. परिवार द्वारा कई बार फोन करने के बावजूद जब संपर्क नहीं हो पाया, तब पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की. लोकेशन पहले कोटपूतली और बहरोड़ में मिली, फिर अंत में शाहजहांपुर क्षेत्र में स्थिर हो गई. इसी आधार पर पुलिस ने तलाशी शुरू की.
शव निकाले गए थे दो अलग-अलग कुओं से
इसी बीच शाहजहांपुर पुलिस को जौनायचाखुर्द और सांसेडी गांव के कुओं से दुर्गंध आने की सूचना मिली. पुलिस और विशेषज्ञ टीम ने क्रेन की मदद से शव बाहर निकाले. सांसेडी गांव से मिला शव अशोक सिंह का था. जौनायचाखुर्द गांव से मिला शव विकास कुमार का था. दोनों शवों को शाहजहांपुर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया. पुलिस का मानना है कि दोनों की हत्या के बाद शव कुओं में फेंके गए.
साइबर फ्रॉड से जुड़ा एंगल
एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि यह मामला OLX जैसे एप से हुई ठगी से जुड़ा है. एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि अशोक और विकास को सस्ते जनरेटर देने का झांसा देकर जयपुर बुलाया गया. इसके बाद वहां से आरोपियों ने उन्हें गाड़ी में बैठाया और नारनौल की तरफ घुमाते रहे. जांच में 6 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं अजित, राकेश, मंजीत, नरवीर, इंद्रजीत और नितिन. इनमें से 4-5 लोग बहरोड़ सदर इलाके के रहने वाले हैं और एक-दो का क्रिमिनल रिकॉर्ड भी है.
आरोप है कि आरोपियों ने मृतकों का मोबाइल पासवर्ड लेकर गुरुग्राम के एटीएम से करीब 6 लाख रुपये भी निकाले. फिलहाल साइबर टीम और शाहजहांपुर पुलिस मिलकर इस केस की गहन जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. गिरफ्तारी के बाद ही पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड और मर्डर की वजह साफ हो पाएगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Kotputli News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!