Trending Photos

Rajasthan News: मैक्सिको के एक मैत्री दल ने रोटरी अंतरराष्ट्रीय क्लब के विश्व शांति, मैत्री और सद्भाव कार्यक्रम के अंतर्गत भारत भ्रमण के दौरान राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुलाकात की. इस कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब जयपुर राउंड टाउन द्वारा किया गया. इस दौरान रोटरी राजस्थान की जिला प्रांतपाल डॉ. राखी गुप्ता और रोटरी क्लब जयपुर राउंड टाउन के अध्यक्ष देवेश कुमार बंसल भी उपस्थित रहे.
विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान मैक्सिको दल ने विधानसभा की प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया और संविधान दीर्घा तथा संग्रहालय का अवलोकन किया. उन्होंने राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और विधिक प्रक्रिया को जानकर प्रसन्नता व्यक्त की. यह कार्यक्रम मैत्री और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था.
रोटरी अंतरराष्ट्रीय क्लब के इस कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर शांति, मैत्री और सद्भाव को प्रोत्साहित करना है. इसके तहत एक देश से आए हुए सदस्य दूसरे देश के व्यक्तियों के घर में निवास करते हैं और वहां की संस्कृति, परंपराओं और दैनिक जीवन से जुड़ते हैं. यह पहल विभिन्न संस्कृतियों के बीच समन्वय स्थापित करने और पारस्परिक समझ को गहरा करने में सहायक सिद्ध होती है.
भारत भ्रमण के दौरान मैक्सिको दल ने जयपुर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी दौरा किया. उन्होंने इस्कॉन मंदिर, सिटी पैलेस, जंतर मंतर, आमेर किला और जयपुर फुट जैसी जगहों का भ्रमण किया. इसके अलावा, चोखी ढाणी सहित अन्य स्थानों के पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का भी आनंद लिया.
दल ने इस पूरे अनुभव को ऐतिहासिक और अद्वितीय बताया. राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, साहित्य और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित होना उनके लिए एक विशेष अनुभव रहा. यह यात्रा न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बनी, बल्कि मैत्री और सद्भाव के नए अध्याय को भी उजागर किया.