Trending Photos

Jaipur News: रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा वांछित और 5 लाख रुपये के इनामी आतंकी फिरोज़ खान को गिरफ्तार कर लिया गया. फिरोज़ खान 2022 के राजस्थान आतंकवादी साजिश मामले का 11वां आरोपी था और तीन वर्षों से फरार था. उसकी गिरफ्तारी जयपुर ब्लास्ट कांड में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है.
एसपी अमित कुमार ने खुलासा कर बताया की आतंकी फिरोज़ खान पिछले एक महीने से रतलाम में छिपा हुआ था. आज सुबह 5 बजे, पुलिस टीम ने उसके परिवार के सदस्य के घर पर छापा मारा, जहां 18 से 20 कमरे थे. फिरोज़ एक कमरे में छिपा हुआ था. गिरफ्तारी के दौरान, उसने विरोध किया, जिससे कुछ पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आईं. इस हाथापाई के संबंध में फिरोज़ के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मुखबिर से सूचना मिली थी कि फिरोज़ रतलाम में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था. हालांकि, गिरफ्तारी के समय उसके पास से कोई हथियार या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि फरारी के दौरान फिरोज़ कई बार रतलाम, बांसवाड़ा और आसपास के जिलों में आया-जाया करता था.
फिरोज़ के पास से कोई मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फरारी के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में था. राज्य और राष्ट्रीय जांच टीम भी आतंकी फ़िरोज़ से पूछताछ करने रतलाम आ रही है.