Jaipur News: राजस्थान में जयपुर के सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय में 10 दिन में इलाज के अभाव में दो गर्भवती महिलाओं की मौत हो चुकी है. ताज़ा मामले में 7 महीने की गर्भवती निकिता स्वामी की मौत पर परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज शुरू करने से पहले पैसे मांगे गए और डॉक्टर देर से पहुंचे. अस्पताल में दोपहर बाद सीनियर डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लापरवाही पर शहरवासियों में आक्रोश है तथा सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.
Trending Photos
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: जयपुर के सांगानेरी गेट स्थित महिला चिकित्सालय में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हो गई. बीते 10 दिनों में इलाज के अभाव में दो गर्भवती महिलाओं की मौत हो चुकी है. आज देर शाम 7 महीने की गर्भवती निकिता स्वामी की मौत ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का आरोप है कि निकिता को एक घंटे तक बिठाकर रखा गया, इलाज शुरू नहीं किया गया, और पहले पैसे मांगे गए.
मां की आंखों में आंसू थे, गुस्सा था और सवाल भी- मेरी बेटी मर रही थी, वो लोग पैसे मांग रहे थे... एक घंटे तक कोई डॉक्टर नहीं आया. दरअसल यह अकेली कहानी नहीं है. कुछ दिन पहले एक और प्रसूता की जान भी इसी अस्पताल में चली गई थी. और उन परिजनों का आरोप भी यही थे, उस मामले में जांच के नाम पर कमेटी तो बनी, लेकिन रिपोर्ट अब तक दबा दी गई.
घटना के बाद जब परिजनों ने सवाल उठाए, तो प्रशासन ने पुलिस बुला ली और मृतका को एंबुलेंस से एसएमएस मोर्चरी भिजवा दिया. ना संवेदना, ना जवाबदेही, सिर्फ फॉर्मेलिटी.
चौंकाने वाली बात ये है कि दोपहर दो बजे के बाद और देर रात तक अस्पताल में कोई सीनियर डॉक्टर नहीं रहता. इसी लापरवाही का नतीजा है कि दो जिंदगियां इलाज के इंतजार में दम तोड़ गईं-एक मां और उसके गर्भ में पल रही नन्हीं जान की.
अब परिजनों और शहरवासियों में आक्रोश है. महिला चिकित्सालय की कार्यशैली और प्रशासनिक रवैये पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है. सवाल ये है कि अगली निकिता कौन होगी? और कब तक लापरवाही की ये कीमत मां और बच्चे को चुकानी पड़ेगी?
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Jaipur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!