&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan Accident: राजस्थान के जयपुर जिले में बजाज नगर थाना इलाके में शनिवार रात नगर निगम और विद्युत विभाग की लापरवाही ने एक 24 वर्षीय युवक की जान ले ली. बरकत नगर में अर्जुन नगर अंडरपास के पास बाइक सवार एक युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया और जब उसने खुद को गड्ढे में जाने से बचाने के लिए पास में मौजूद बिजली के पोल को पकड़ा तो पोल में आ रहे करंट के चलते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
आसपास मौजूद कुछ लोग भाग कर आए और जब उन्होंने युवक को गड्ढे में से निकालने की कोशिश की, तब उन्हें करंट आने का पता चला. जिस पर उन्होंने पुलिस और विद्युत विभाग में फोन कर इसकी जानकारी दी. विद्युत विभाग द्वारा जब इलाके की विद्युत आपूर्ति को बंद किया गया, तब जाकर युवक के शव को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका.
भरतपुर का नदबई निवासी 24 वर्षीय अजय सिंह बरकत नगर में अहिंसा मार्ग पर किराए के कमरे में अपने छोटे भाई के साथ रहता था और त्रिवेणी नगर स्थित एक कैफे में काम किया करता था. शनिवार रात जब वह कैफे से काम पूरा करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने किराए के कमरे पर लौट रहा था. इसी दौरान हादसे का शिकार हुआ. मृतक अजय सिंह घर में कमाने वाला इकलौता व्यक्ति था, जिसकी दीपावली के बाद शादी होनी थी.
एक महीने पहले ही मृतक की सगाई हुई थी और परिवार में उसकी शादी की तैयारी चल रही थी. मौके पर खुला हुआ गड्ढा नगर निगम की लापरवाही और बिजली के पोल में आ रहा करंट विद्युत विभाग की लापरवाही को साफ जाहिर करता है. वहीं हादसे के बाद अपनी गलती छुपाने के लिए दोनों ही विभागों ने लीपा पोती करते हुए आनन-फानन में रविवार को टीमों को मौके पर भेजा.
यह भी पढ़ें- सवा घंटे तक हवा में ही घूमते रहे भजनलाल सरकार के मंत्री, बाद में सड़क मार्ग से पहुंचे डीग
नगर निगम की टीम ने अपनी गलती छुपाते हुए गड्ढे के ऊपर से थोड़ी सी मरम्मत कर वहां पर लोहे का जाल लगा दिया. वहीं विद्युत विभाग ने पोल पर लटक रहे और पोल के नीचे से निकल रहे तारों को काटकर इतिश्री कर ली.
बजाज नगर थाना इलाके में ही जुलाई माह में केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 के पास इसी तरह से फुटपाथ पर चल रहे एक छात्र की विद्युत पोल से आ रहे हैं. करंट की चपेट में आने के चलते मौत हो गई थी. अब एक माह के अंदर ही यह दूसरा हादसा सामने आया है. लगातार हो रहे हादसों से आखिर कब नगर निगम और विद्युत विभाग चेतेगा यह देखने की बात होगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!