Jaipur Crime News: जयपुर के आनंद विहार में युवक मुकेश जांगिड़ ने बॉस की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड कर लिया. युवक ने एक नोट भी लिखा, जिसमें उसने अपने साथ हुए अत्याचारों का खुलासा किया है.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आनंद विहार कॉलोनी निवासी युवक मुकेश कुमार जांगिड़ ने आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि मुकेश ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त की. घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है. मुकेश एक निजी कंपनी में पिछले 15 वर्षों से कार्यरत था. सुसाइड से पहले उसने एक भावुक सुसाइड नोट लिखा, जिसे उसने अपने बेड पर तकिए के नीचे रखा था. इस सुसाइड नोट में उसने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगी है.
जयपुर में बॉस की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या
सुसाइड नोट में लिखा गया है, "पापा, मम्मी, रेखा, बबलू, पुचू सॉरी... मैं यह लाइफ खत्म कर रहा हूं. पापा, जहां तक लड़ सकता था, वहां तक लड़ा हूं. लेकिन क्या करूं, अब मैं सब हार गया." मुकेश ने आगे लिखा है कि उसके बॉस दिलीप सिंह चौहान और राजेश अरोड़ा ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और झूठे केस में फंसाने की धमकियां दीं. मुकेश का आरोप है कि लगातार मिल रहे मानसिक दबाव और धमकियों के चलते उसने यह कदम उठाया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मुकेश के छोटे भाई लोकेश ने सुसाइड नोट के आधार पर झोटवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मारने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.