Trending Photos

Rajasthan Crime: राजस्थान के जयपुर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पीड़िता की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है.
सदर थानाधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि बड़ोदिया बस्ती इलाके में किराए से रहने वाले परिवार ने नाबालिग बालिका के अचानक घर से लापता होने की सूचना दी. परिवादी की ओर से मामला दर्ज कराने पर पुलिस टीमें बालिका की तलाश में जुटी और उसकी लोकेशन मुंबई में ट्रेस की. इसी दौरान बालिका ने अपने भाई से संपर्क कर वापस जयपुर आने की बात कही.
मुंबई के लिए रवाना हुई पुलिस टीम ने वापसी कर जयपुर रेलवे स्टेशन पर तलाश कर नाबालिग को दस्तयाब किया. बालिका से पूछताछ करने पर उसने खुद के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी दी. बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस हरकत में आई और उससे पूछताछ में सामने आया कि उसकी मां के प्रेमी ने ही उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया था. आरोपी ने एक बार होटल में भी बालिका को ले जाकर दुष्कर्म किया.
उन्होंने बताया कि इस दौरान पीड़िता ने अपनी मां के भी साथ होने की जानकारी दी. पुलिस ने होटल में जाकर तमाम साक्ष्य जुटाए और आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, तो उसने बालिका के साथ दुष्कर्म करना कबूल लिया. पुलिस ने आरोपी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है. प्रारंभिक जांच में पीड़िता के गर्भवती होने की भी जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.