Rajasthan News: राजस्थान सरकार की गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पशुपालकों को बिना ब्याज एक लाख रुपए तक का लोन दिया जा रहा है. सिबिल स्कोर और संपत्ति गिरवी की शर्तें हटा दी गई हैं.
Trending Photos

Rajasthan government scheme: राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण पशुपालकों को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से "गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना" चलाई जा रही है. इस योजना के तहत गाय-भैंस पालने वाले परिवारों को बिना ब्याज के एक लाख रुपए तक का लोन दिया जा रहा है. यह लोन बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे और सिबिल स्कोर की बाध्यता के बिना स्वीकृत किया जा सकता है.
योजना का उद्देश्य पशुपालकों को चारा, दवा, शेड निर्माण और दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है. लोन की अवधि एक साल की होती है और यदि तय समय में चुकता कर दिया जाए तो उस पर कोई ब्याज नहीं लगता. इसके लिए ना ही कोई प्रोसेसिंग फीस ली जाती है और ना ही बैंक लोन की जानकारी क्रेडिट ब्यूरो को भेजता है, जिससे भविष्य की क्रेडिट प्रोफाइल पर भी असर नहीं पड़ता.
इस योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है. इच्छुक आवेदक https://rajsahakar.rajasthan.gov.in पोर्टल पर जाकर RAJ SSO लॉगिन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करते समय जनाधार नंबर, आधार कार्ड, बैंक डिटेल्स, गाय-भैंस की संख्या और दूध उत्पादन की जानकारी भरनी होती है.
अब तक इस योजना के अंतर्गत 31 मार्च 2025 तक 1 लाख 608 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से केवल 2267 ही अस्वीकृत हुए हैं. योजना के अंतर्गत 2024-25 में 5 लाख गोपालकों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया था। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2.50 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ने का उद्देश्य है.
लोन मंजूर होने पर राशि सीधे संबंधित बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है और गोपालक इसे 12 मासिक किश्तों या एकमुश्त भुगतान के रूप में चुका सकता है. सही जानकारी और जागरूकता की कमी के चलते अभी अपेक्षित संख्या में आवेदन नहीं पहुंचे हैं, इसलिए सरकार द्वारा प्रचार-प्रसार और पोर्टल को और यूजर फ्रेंडली बनाया जा रहा है.