&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक प्रकरण में SOG ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव और उसके बेटे भरत यादव को गिरफ्तार किया है.
दोनों को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार करने के बाद SOG द्वारा शनिवार को कोर्ट में पेश कर 12 अगस्त तक तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है. एसओजी की जांच में सामने आया है कि राजकुमार यादव ने अपने बेटे भरत यादव के लिए लीक प्रश्नपत्र खरीदा था. भरत ने इस पेपर की मदद से लिखित परीक्षा पास की थी, लेकिन फिजिकल टेस्ट में फेल होने के कारण उसका चयन नहीं हुआ.
SOG की जांच में यह बात भी सामने आई कि राजकुमार ने यह पेपर न केवल अपने बेटे, बल्कि परिचित रविंद्र सैनी और सत्येंद्र सिंह यादव को भी उपलब्ध कराया था. सत्येंद्र और रविंद्र ने इस पेपर की मदद से परीक्षा पास की और SI बन गए. एसओजी द्वारा हाल ही में प्रोबेशनर एसआई सत्येंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया था.
सत्येंद्र से हुई पूछताछ में राजकुमार यादव का नाम सामने आया, जिसके आधार पर एसओजी ने राजकुमार और उनके बेटे भरत को गिरफ्तार किया. जांच में यह भी पता चला कि राजकुमार ने पेपर शिक्षक कुंदन पंड्या से खरीदा था. RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा ने पेपर लीक करने के बाद कुंदन को उपलब्ध कराया था और कुंदन ने इसे आगे बेचा था.
SOG की जांच में यह तथ्य भी सामने आए है कि हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव कांग्रेस सरकार में अशोक गहलोत के कार्यकाल में सीएम सिक्योरिटी में तैनात था. इस दौरान राजकुमार ने कई लोगों से गहरे सम्पर्क बनाए. इस दौरान राजकुमार ने RPSC के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा के परिचित शिक्षक कुंदन पंड्या से संपर्क कर पेपर खरीदा.
गहलोत के कार्यकाल के बाद राजकुमार को CM सिक्योरिटी से हटा पुलिस लाइन जयपुर में तैनात कर दिया गया. कुछ समय पहले गहलोत की सुरक्षा में लगे दो पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर होने के बाद हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव को गहलोत की सुरक्षा में लगाया गया था.
हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, उनका बेटा भरत यादव और प्रोबेशनर SI सत्येंद्र यादव फिलहाल SOG की गिरफ्त में है. तीनों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है. फिलहाल देखना होगा आरोपियों से हो रही पूछताछ के आधार पर एसओजी आने वाले दिनों में किस तरह का एक्शन लेती है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!