&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की पत्नी प्रीति कुमारी का गुरुवार सुबह निधन हो गया. जानकारी के मुताबिक उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया था, जिस कारण से उनकी नींद में ही मौत हो गई. रात को भोजन के बाद वे सो गई थीं, लेकिन सुबह जब परिवार ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
प्रीति के न उठने पर परिजन तुरंत उन्हें जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक, प्रीति कुमारी को रात में ही साइलेंट अटैक आया, जिससे उनकी नींद में ही मृत्यु हो गई. निधन के वक्त मंत्री खींवसर खुद जयपुर में मौजूद नहीं थे, और उनका बेटा धनंजय सिंह खींवसर भी अहमदाबाद में था.
सूचना मिलते ही एक मेडिकल टीम सुबह उनके निवास पर पहुंची और तुरंत प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की गई. लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ, और अस्पताल ले होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रीति कुमारी का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव खींवसर ले जाया गया है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.
प्रीति कुमारी और गजेंद्र सिंह खींवसर का विवाह वर्ष 1982 में हुआ था. उनके पुत्र धनंजय सिंह वर्तमान में जोधपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं. उनकी एक पुत्री भी है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है. अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की है. चिकित्सा मंत्री की पत्नी के आकस्मिक निधन से पूरे राजस्थान में शोक की लहर है.