
Jaipur News: राजधानी जयपुर के मुहाना थाना इलाके में युवक की हत्या कर शव को जलाने की वारदात का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी गोपाली देवी और उसके प्रेमी दीनदयाल को गिरफ्तार किया है. प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
इस घटना में पत्नी का बॉयफ्रेंड के साथ बाइक पर पति की लाश लेकर जाने का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सड़क पर बाजार में से बाइक से गुजरते दिख रहे हैं.
डीसीपी साउथ दिगंत आनंद ने बताया कि 16 मार्च को स्थानीय लोगों से नेवटा पुलिया के पास रिंग रोड के नीचे एक अधजला शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए तो मृतक की शिनाख्त धन्नालाल सैनी के तौर पर हुई.
मृतक हटवाड़ा में सब्जी बेचने का काम करता था. मौके पर मिली रस्सी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि मृतक का रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई और फिर उसकी पहचान छिपाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ डालकर शव को जलाया गया.
मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और सामने आई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया. उन्होंने बताया कि मृतक धन्नालाल सैनी अपनी पत्नी गोपाली देवी के चरित्र पर संदेह करता था. पत्नी गोपाली देवी ने अपने पति को एक फैक्ट्री में काम करना बताया लेकिन वह चोरी छिपे दीनदयाल कुशवाह के सांगानेर स्थित कपड़ों की दुकान पर काम करती थी.
गोपाली देवी और दीनदयाल के बीच पिछले 5 साल से प्रेम संबंध थे. संदेह के चलते धन्नालाल खुद दीनदयाल की सांगानेर स्थित दुकान पर पहुंचा तो उसकी पत्नी गोपाली देवी उसे वहां काम करती हुई मिली. इसी दौरान विवाद हो गया और विवाद बढ़ने पर गोपाली देवी और दीनदयाल अपने साथ धन्नालाल को दुकान के उपर बनी दूसरी दुकान पर ले गए, जहां दोनों ने पाइप से धन्नालाल के सिर पर वार किया.
धन्नालाल के बेहोश होने पर उसे मौत के घाट उतारने के लिए दोनों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया. साथ ही धन्नालाल के शव को एक कट्टे में डालकर मोटरसाइकिल के जरिए रिंग रोड की ओर ले गए. मृतक की पहचान छिपाने के लिए उस पर पेट्रोल डालकर जला दिया. दोनों आरोपियों द्वारा वारदात कबूलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक धन्नालाल और उसकी पत्नी गोपाली देवी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. वही दीनदयाल के साथ प्रेम प्रसंग के चलते गोपाली देवी भी धन्नालाल थे अपना पीछा छुड़ाना चाह रही थी. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें और भी कई खुलासे होने की संभावना है.