&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan news: राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने बसों को स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के लिए नई पहल की है. अब बस चलाने वाले चालक-परिचालकों को बस के रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी जा रही है. अब तक करीब 1300 बसों का रखरखाव शुरू भी कर दिया गया है.
राजस्थान रोडवेज की बसों में यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए नई शुरुआत की गई है. बसों की स्थिति में सुधार करने के लिए प्रत्येक डिपो स्तर पर 'मेरी बस मेरी जिम्मेदारी' अभियान शुरू किया गया है. अभियान के अन्तर्गत अभी तक प्रदेशभर में रोडवेज की 1300 बसों में मशीनरी से जुड़ा और फिजिकल कार्य करवाया गया है.
अभियान की शुरुआत रोडवेज की चेयरमैन शुभ्रा सिंह के निर्देश पर की गई थी. चेयरमैन शुभ्रा सिंह और एमडी पुरुषोत्तम शर्मा कार्यभार संभालने के बाद से ही रोडवेज की आर्थिक सेहत सुधारने में जुटे हुए हैं. इसी का नतीजा है कि अब रोडवेज के कर्मचारियों और सेवानिवृत्तों को समय पर वेतन-पेंशन मिलना शुरू हो गए हैं.
20 मई से यह अभियान शुरू किया गया, जिसके अन्तर्गत रोडवेज बसों में भौतिक एवं यांत्रिक कार्य कराए जा रहे हैं. इसके तहत बॉडी में रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिक, सुरक्षा सीट, कलर-पेन्टिंग, आवश्यक टेलीफोन नम्बर अंकित करने, साफ-सफाई, वीटीएस-पैनिक बटन, अग्निशमन यंत्र की स्थिति इत्यादि कार्य करवाए जा रहे हैं.
अभियान के अन्तर्गत रोडवेज की कुल बसों में से करीब 1300 बसों का मरम्मत और सुधार कार्य 15 जून तक पूरा कर लिया गया है. रोडवेज प्रशासन ने सभी बसों का कार्य 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. रोडवेज प्रशासन के इस अभियान से आमजन को बेहतर यात्री परिवहन सुविधाएं मिलने लगी हैं.
बसों के अंदर साफ-सफाई की स्थिति में सुधार आया है. वहीं कलर पेंट होने और टूट-फूट हटाए जाने से रोडवेज बसें नई दिखने लगी हैं. प्रदेश में कई जिलों में यात्रियों द्वारा रोडवेज प्रशासन की इस पहल की सराहना की जा रही है. बसों की स्थिति में सुधार होने एवं यात्री सुविधा बढ़ने से यात्रियों का रुझान रोडवेज बसों की तरफ और अधिक बढ़ गया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!