&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान में भजनलाल सरकार अपने दो साल पूरे करने जा रही है. सत्ता पक्ष इसे एक बड़े मौके के तौर पर देख रहा है और जश्न की तैयारी में जुट गया है. सरकार का कहना है कि इन दो वर्षों में जनता के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं और अब इस कामकाज को लोगों के सामने रखा जाएगा. सभी विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि पूरा विवरण सरकार की उपलब्धियों के रूप में पेश किया जा सके.
लेकिन इसी बीच कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है और सरकार के इस जश्न में रंग में भंग डालने की योजना पर काम शुरू कर दिया है. कांग्रेस का फोकस सरकार के उन वादों पर है, जो पूरे नहीं हुए. पार्टी अपनी ओर से दो साल में सरकार की कमियों की लिस्ट तैयार कर रही है. इसमें यह भी शामिल है कि भाजपा सरकार ने कितने वादे किए थे और उनमें से कितने धरातल पर उतर पाए.
कांग्रेस का जोर खासतौर पर ERCP मुद्दे को फिर से उठाने पर है. पार्टी का मानना है कि यह मामला सरकार की सबसे बड़ी नाकामी में से एक है. यही नहीं, बजट में की गई घोषणाओं पर कितना काम हुआ और किन योजनाओं पर सिर्फ कागजी कार्रवाई हुई. इन सबकी जानकारी भी कांग्रेस इकट्ठा कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने साफ कहा है कि जिस दिन सरकार जश्न मनाएगी, उसी दिन कांग्रेस जनता के सामने सरकार की कमियां गिनाएगी. कांग्रेस का दावा है कि कई ऐसे काम हैं, जिन्हें सरकार को प्राथमिकता देनी चाहिए थी, लेकिन वे अधूरे ही रह गए.
अगले कुछ दिनों में प्रदेश की राजनीति में यह टकराव और ज्यादा तेज़ हो सकता है. एक ओर सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान करेगी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इन्हीं दो सालों को सरकार की नाकामी बताने की कोशिश करेगी. ऐसे में देखने वाली बात होगी कि जनता किसकी बात पर ज्यादा विश्वास करती है. सरकार की सौगातों पर या विपक्ष की आरोपों की सूची पर.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!