&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Ganesh Chaturthi Modak: गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच पिंकसिटी में मोदकों की बहार नजर आ रही है. भगवान गणेश के प्रकटोत्सव के उत्साह को लेकर इस बार पारंपरिक मिठास के साथ-साथ फ्यूजन और हेल्दी विकल्पों की मांग में खासा इजाफा देखने को मिल रहा है. शहर के अलग-अलग इलाकों जैसे सिंधी कैंप, राजापार्क, जौहरी बाजार, टोंक रोड और मालवीय नगर में मिठाई दुकानों पर मोदक तैयार हो गए हैं. दुकानदारों ने इस अवसर को देखते हुए पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक फ्लेवर का ऐसा संगम पेश किया है, जो हर वर्ग के उपभोक्ताओं को लुभा रहा है.
सात्विक और शुद्धता से तैयार हो रहे मोदक
गोविंद देव मंदिर के पास स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान के संचालकों ने बताया कि हमारे यहां हर मोदक शुद्ध मावा, ताजे मेवे और देसी घी से तैयार किए जाते हैं. किसी भी प्रकार का प्रिजर्वेटिव या मिलावट का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे ये मोदक पूरी तरह सात्विक प्रसाद के रूप में गणपति बप्पा को अर्पित किए जा सकते हैं. इस बार उनके यहां मावा मोदक, बेसन मोदक, मोतीचूर मोदक, काजू मोदक, काजू-पिस्ता मोदक और मथुरा पेड़ा मोदक जैसी पारंपरिक वैरायटी की शुरुआत 450 रूपए से हो रही है.
25 अधिक वैरायटी वाले फ्यूजन मोदक का आकर्षण
सिंधी कैंप, सांगानेरी गेट स्थित स्वीट शॉप के संचालकों का मानना है कि इस बार ग्राहकों की डिमांड को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 25 से अधिक तरह के फ्यूजन मोदक तैयार किए हैं. इनमें बेसन, आटा, मोतीचूर, ड्राई फ्रूट, केसर, गुलकंद, पान फ्लेवर, काजू पिस्ता, और केसर मावा के पारंपरिक फ्लेवर तो हैं ही, इसके साथ ही उन्होंने फैंसी मोदक ट्रे भी पेश की है. इस ट्रे में एक बड़ा मोदक सिल्वर इलायची से और उसके चारों तरफ काजू व स्ट्रॉबेरी मोदक को विशेष रूप से सजाया है. इसके अलावा बाजार की आधुनिक मांग को देखते हुए कई इनोवेटिव फ्लेवर जैसे चॉकलेट, थाई कोकोनट, गुलकंद रोज, हेजलनट, लेमन चीज़, एप्पल सिनामन, जिंजर हनी, कॉफी क्रंच, पीनट बटर, रेड वेलवेट और मिल्क केक मोदक भी तैयार किए हैं. इन मोदकों की सजावट और प्रस्तुति इतनी आकर्षक है कि इन्हें देखकर ग्राहक तुरंत ऑर्डर कर रहे हैं.
25-30% बढ़ी बिक्री, स्वाद के साथ नवाचार की मांग
जौहरी बाजार स्थित स्वीट शॉप के आपरेशन निदेशक अनन्या अग्रवाल बताते हैं कि इस बार गणेश चतुर्थी को लेकर बाजार में उत्साह बहुत अधिक है. मोदक की बिक्री में इस साल 25-30% की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. ग्राहक अब स्वाद के साथ-साथ प्रेजेंटेशन और इनोवेशन को भी प्राथमिकता दे रहे हैं. इसीलिए हमने इस बार 15 से भी ज्यादा प्रकार के मोदक तैयार किए हैं, जिनमें सबसे अधिक मांग अब भी गुड़-नारियल और बेसन मोदक की है.
ऑनलाइन ऑर्डर और गिफ्ट पैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध
कई मिठाई दुकानों ने अपने गणेश चतुर्थी स्पेशल मोदक पैकेज ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए हैं. ग्राहक अब वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सोशल मीडिया के माध्यम से ऑर्डर कर सकते हैं. कई दुकानों ने थीम-बेस्ड गिफ्ट बॉक्स और कस्टमाइज्ड पैकिंग की शुरुआत भी की है. इनकी कीमत 800 से 5 हजार रूपए तक है. एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा भी शुरू की गई है, ताकि त्योहार का स्वाद समय पर घर पहुंचे.
स्वाद में अब फिटनेस का भी ध्यान
हेल्थ कॉन्शियस ग्राहकों को देखते हुए इस बार बाजार में हेल्दी मोदक की भी रेंज उतारी गई है. इनमें गुड़-सोंठ मोदक, ओट्स और हनी मोदक, प्रोटीन मोदक, फ्लैक्स सीड्स मोदक, खजूर-ड्राईफ्रूट मोदक, मिलेट्स (ज्वार/बाजरा) मोदक और काजू-किशमिश शुगर फ्री मोदक शामिल हैं. इन सभी में चीनी की जगह स्टेविया जैसे नेचुरल स्वीटनर का इस्तेमाल किया गया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!