Jaipur News: जयपुर में दो दिन नॉनवेज पर ताले, अंडे की दुकानों को भी बंद रखने का आदेश

Rajasthan News: जयपुर में पर्यूषण पर्व और अनंत चतुर्दशी पर सरकार ने दो दिन नॉनवेज व बूचड़खानों के साथ अंडे की दुकानों को भी बंद रखने का आदेश दिया है. 1,000 से अधिक अंडा रेहड़ी प्रभावित होंगी. धार्मिक संगठनों की मांग पर लिया गया बड़ा फैसला.

Jaipur News: जयपुर में दो दिन नॉनवेज पर ताले, अंडे की दुकानों को भी बंद रखने का आदेश
Image Credit: eggs and meat shop closed

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पर्यूषण पर्व और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर नॉनवेज दुकानों और बूचड़खानों को दो दिन तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. सरकार के इस निर्णय से न सिर्फ मीट और मछली की दुकानों, बल्कि इस बार अंडों की दुकानों को भी बंद रखना अनिवार्य कर दिया गया है.

पिछले साल मिली थी छूट
पिछले साल प्रशासन ने अंडों की बिक्री पर छूट दी थी, लेकिन धार्मिक संगठनों की लगातार मांग और आपत्ति के चलते इस बार अंडा बेचने वालों को भी नियमों के दायरे में शामिल किया गया है. आदेश के मुताबिक 1,000 से अधिक अंडे की रेहड़ियाँ और छोटी दुकानें सीधे तौर पर प्रभावित होंगी.

Add Zee News as a Preferred Source

स्वायत्त शासन विभाग ने जारी किए निर्देश
स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी निर्देशों के बाद नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. अधिकारियों के अनुसार, इन दो दिनों में यदि कोई भी नॉनवेज या अंडे की दुकान खुली पाई गई, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

आस्था और संयम का प्रतीक
धार्मिक संगठनों का कहना है कि पर्यूषण और अनंत चतुर्दशी जैन समाज के लिए आस्था और संयम का प्रतीक हैं. इन दिनों में हिंसा और पशुहत्या से जुड़े सभी कार्यों पर रोक लगनी चाहिए. उनका मानना है कि इस तरह का कदम धार्मिक सद्भाव और शांति का वातावरण बनाए रखने में मदद करेगा.

कारोबारियों ने जताई नाराजगी
हालांकि, दूसरी ओर अंडा विक्रेताओं और नॉनवेज कारोबारियों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि त्योहार का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन इस आदेश से उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित होगी. खासतौर पर अंडा बेचने वाले छोटे रेहड़ी कारोबारी, जिनकी आजीविका रोजाना की बिक्री पर निर्भर करती है, उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा.

सामाजिक सद्भावना जरूरी
फिर भी प्रशासन का मानना है कि धार्मिक पर्वों के दौरान ऐसे कदम सामाजिक सद्भावना के लिए आवश्यक हैं. जयपुर में पर्यूषण और अनंत चतुर्दशी के दिनों में यह व्यवस्था लागू रहेगी और उम्मीद की जा रही है कि आमजन सहयोग करेंगे. यह निर्णय जयपुर में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार अंडे की दुकानों को भी नॉनवेज श्रेणी में शामिल करते हुए बंद रखने का आदेश दिया गया है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author