&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Chomu Violence Explainer: चौमूं में हाल ही में हुई हिंसा ने शहर को सकते में डाल दिया. हिंसा पर एक वरिष्ठ पूर्व पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह अचानक हमला नहीं था, बल्कि लंबे समय से पनप रहे तनाव का परिणाम था. मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते सामूहिक उग्र रूप ले लिया. पत्थरबाजी, आगजनी के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान – यह सब उसी रात हुआ.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
मामला शुरू हुआ शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल के बाहर पड़े पत्थरों को हटाने से. स्थानीय पुलिस का कहना है कि पत्थर हटाने से पहले स्थानीय लोगों से सहमति ली गई थी और काम शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कर लिया गया. लेकिन जब वहां लोहे की रेलिंग लगाई जाने लगी, तो कुछ हिंदू संगठनों को यह नागवार गुजरा. सोशल मीडिया पर पोस्ट होने लगे और माहौल गर्म हो गया.
रात का घटनाक्रम
25 दिसंबर की रात को पुलिस ने समुदाय विशेष के लोगों से रेलिंग हटाने को कहा, लेकिन यह नहीं हटाई गई. आधी रात को पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे पत्थरबाजी शुरू हो गई. भीड़ ने पुलिस पर हमला किया और स्थिति बिगड़ गई. पुलिस के एक पूर्व अधिकारी के अनुसार, यदि पहले खुफिया इनपुट पर कार्रवाई होती, फ्लैग मार्च और स्थानीय प्रतिनिधियों से संवाद बढ़ाया जाता, तो हिंसा को काफी हद तक रोका जा सकता था.
पुलिस की कार्रवाई
स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और संदिग्धों की पहचान कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया. ड्रोन से निगरानी और फ्लैग मार्च के बाद इलाके में सन्नाटा छा गया. पुलिस टीमें मोहल्लों में घुसीं और जिन लोगों पर पथराव में शामिल होने का शक था, उन्हें हिरासत में लिया गया.
प्रशासन और सुरक्षा उपाय
हिंदू संगठनों ने भी सड़क पर अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की. तनाव को देखते हुए धार्मिक स्थल के आसपास हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए और कुछ नमाज अदा करने आए लोगों को एहतियातन वापस भेज दिया गया.
इंटरनेट बंद और कानून-व्यवस्था
सुरक्षा के मद्देनजर चौमूं में इंटरनेट सेवाएं 28 दिसंबर सुबह 7 बजे तक बंद रखी गईं. पहले यह पाबंदी 27 दिसंबर तक थी, लेकिन अफवाह फैलने की आशंका को देखते हुए इसे बढ़ा दिया गया. प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी था.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!