&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में विकास की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण ने एक और अहम कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में गुरुवार को मंथन सभागार में हुई पीडब्ल्यूसी की बैठक में 665 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई. इस बैठक की अध्यक्षता जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने की.
एलिवेटेड रोड का निर्माण
सबसे बड़ा प्रोजेक्ट, अरण्य भवन से बालाजी तिराहा जंक्शन, जगतपुरा तक एलिवेटेड रोड का निर्माण है. इस काम के लिए 560 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई है. शहर के यातायात दबाव को कम करने और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके अलावा मानसरोवर इलाके की वीटी रोड, अरावली मार्ग और मध्यम मार्ग पर डेकोरेटिव लाइट्स लगाने के लिए 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी गई है.
दो पुलों के लिए मिली स्वीकृति
वहीं, जोन-10 के गोनेर रोड से रिंग रोड तक नालों पर दो पुलों के निर्माण हेतु 8 करोड़ से ज्यादा की स्वीकृति प्रदान की गई है. बैठक में बीसलपुर लाइन से हुए रोड कट की मरम्मत के लिए करीब 3 करोड़, जेडीए क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर और तीन साल के रखरखाव पर 3.32 करोड़, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के जोन-7 में सड़कों के लिए 3.16 करोड़, और स्वर्ण विहार आवासीय योजना एसटीपी में सीवर लाइन जोड़ने और बिछाने पर 78 करोड़ से ज्यादा की स्वीकृति भी दी गई है. जयपुर विकास प्राधिकरण का दावा है कि ये प्रोजेक्ट्स शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगे और जयपुर को एक व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!