&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजधानी के जवाहर कला केंद्र में स्थित शिल्पग्राम अब एक नई पहचान की ओर बढ़ रहा है. प्रदेश की कला एवं संस्कृति मंत्री, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिल्पग्राम को और अधिक आकर्षक, प्रभावशाली और पर्यटक-हितैषी बनाने की पहल की है. उनका कहना है कि शिल्पग्राम सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक झलक को दुनिया के सामने पेश करेगा.
शिल्पग्राम
राजधानी का शिल्पग्राम, जहां प्रदेश की लोक कला और परंपरा की गूंज सुनाई देती है. लेकिन अब यह जगह और ज्यादा प्रभावशाली और आकर्षक बनने वाली है. 18 मई को जवाहर कला केंद्र में कार्यक्रम के दौरान शिल्पग्राम का दौरा करते हुए दिया कुमारी ने जवाहर कला केंद्र की अतिरिक्त निदेशक अल्का मीना से चर्चा की और कहा था कि हमारा उद्देश्य है कि शिल्पग्राम ऐसा सांस्कृतिक केंद्र बने, जो न केवल हमारे पारंपरिक मूल्यों को सहेजे, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी भारतीय शिल्प और संस्कृति की आत्मा से जोड़ सके.
दिया कुमारी दिख रही हैं बेहद सक्रिय
इसी कड़ी में अब दिया कुमारी बेहद सक्रिय नजर आ रही हैं. उन्होंने शिल्पग्राम के रेनोवेशन के लिए निर्देश दे दिए हैं. इसके लिए एक्सपर्ट आर्किटेक्ट्स की एक कमेटी बनाई जाएगी, जो डिज़ाइन पर काम करेगी और उसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी. नया शिल्पग्राम पूरी तरह से राजस्थान की झलक पेश करेगा. यहां सभी प्रमुख हैंडीक्राफ्ट प्रोडक्ट्स और आर्टिजन वर्क एक ही जगह मिलेंगे. चूंकि कारीगरों की संख्या अधिक और स्पेस सीमित है, ऐसे में रोटेशन प्रणाली अपनाई जाएगी, ताकि सभी को मंच मिल सके.
राजस्थानी फूड कॉर्ट प्रस्तावित
राजस्थानी फूड कॉर्ट भी प्रस्तावित है, जहां पर्यटक पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे. साथ ही ओपन थिएटर भी तैयार किया जाएगा, जिससे लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे सकें और पर्यटक एक ही जगह हस्तशिल्प, संस्कृति, व्यंजन और लोककलाओं का पूरा अनुभव पा सकें. हालांकि, इस काम की शुरुआत संभवत अक्टूबर के बाद होगी. क्योंकि अक्टूबर में शिल्पग्राम में आयोजित होने वाला लोकरंग महोत्सव प्रदेश के सबसे बड़े लोक सांस्कृतिक उत्सव में से एक है और 10 से 11 दिन तक यहां पूरा परिसर लोक रंग में रंगा रहेगा. पूरे शिल्पग्राम में लोक प्रस्तुतियां और मेला लगा रहेगा. इसी कार्यक्रम के पूरा होने के बाद रेनोवेशन कार्य को शुरू करने की योजना है.
पर्यटक केंद्र बनने की है उम्मीद
दिया कुमारी की इस पहल से उम्मीद है कि शिल्पग्राम न केवल राजस्थान की परंपराओं का जीवंत दस्तावेज बनेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने वाला एक मजबूत सांस्कृतिक केंद्र भी साबित होगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!