&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Alwar News: राजस्थान के अकबरपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है, जहां 65 वर्षीय बुजुर्ग ग्यारसीराम बैरवा को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उन्होंने एक मंदिर में प्रवेश किया. घटना अकबरपुर इलाके के नावली की डूंगरी स्थित पवननाथ मंदिर की है, जहां कथित तौर पर मंदिर के पुजारी और कुछ अन्य लोगों ने ग्यारसीराम पर छुआछूत का हवाला देते हुए लाठियों से हमला कर दिया.
शनिवार दोपहर का मामला
ग्यारसीराम बैरवा कोठी का बास, परसा का बास के निवासी हैं और शनिवार दोपहर वह पहाड़ी क्षेत्र में बकरियां चरा रहे थे. इसी दौरान वह पास के पवननाथ मंदिर परिसर में पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुजारी ने उन्हें मंदिर में प्रवेश से रोका और जातिगत टिप्पणी करते हुए पहले खुद हमला किया, फिर कुछ अन्य लोगों को बुला लिया. आरोप है कि सभी ने मिलकर ग्यारसीराम को लाठी-डंडों से इतना पीटा कि उनके पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आ गईं.
क्या बोले पीड़ित के दामाद
पीड़ित के दामाद भरत ने बताया कि ग्यारसीराम को अचेत अवस्था में जमीन पर गिरा पाया गया. परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है. भरत ने यह भी बताया कि यह कोई साधारण झगड़ा नहीं बल्कि सुनियोजित जातिगत हिंसा का मामला है. “मेरे ससुर जी ने किसी का क्या बिगाड़ा था? वो तो बस मंदिर में सिर झुकाने गए थे,” भरत ने रोते हुए कहा.
परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा
घटना के बाद परिजनों ने थाने में मामला दर्ज करवाया. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने पवननाथ मंदिर के पुजारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. हालांकि आरोपियों का कहना है कि ग्यारसीराम ने उनकी गाय को पत्थर मारा था, जिससे झगड़ा हुआ. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और पीड़ित की स्थिति को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जातिवाद और छुआछूत फिर से हो रहा उजागर
इस घटना ने एक बार फिर जातिवाद और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ओर जहां संविधान सभी नागरिकों को बराबरी का अधिकार देता है, वहीं दूसरी ओर आज भी मंदिर जैसे पवित्र स्थानों में इस तरह की घटनाएं समाज की असल स्थिति को उजागर करती हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Alwar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!