&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sujangarh News: राजस्थान के सुजानगढ़ क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है. इस बीच प्रदेश के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत शनिवार को सुजानगढ़ पहुंचे. उन्होंने अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का बारीकी से जायजा लिया और हालात को समझने की कोशिश की.
स्थानीय लोगों से की मुलाकात
मंत्री गहलोत सबसे पहले नाथो तालाब, दुलिया तलाई, भोजलाई बास और होली धोरा क्षेत्र पहुंचे. यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना. ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि लगातार बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी.
राहत कार्यों की गई समीक्षा
दौरे के बाद मंत्री गहलोत ने पंचायत समिति सभा कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की. बैठक में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा समेत जिले भर के अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की समीक्षा की गई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जाए और किसी भी परिवार को परेशानी न हो.
प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आंकलन जल्द से जल्द किया जाए ताकि प्रभावित लोगों को मुआवजा और सहायता राशि समय पर दी जा सके. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि जलभराव वाले क्षेत्रों में सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए. प्रभारी मंत्री गहलोत का यह दौरा प्रभावित ग्रामीणों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है. स्थानीय लोग अब सरकार से त्वरित मदद की आस लगाए बैठे हैं, ताकि वे जल्द ही इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य जीवन जी सकें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Churu News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!