दौसा में मासूमों पर टूटा कहर! स्कूल का खाना बना जहर, 50 से ज्यादा बच्चे बीमार

Rajasthan News: दौसा के चूड़ियावास गांव की उच्च प्राथमिक स्कूल में पौषाहार खाने के बाद 50 से ज्यादा बच्चे फूड पॉयजनिंग का शिकार हो गए. चपाती और आलू की सब्जी खाने के बाद उल्टी-पेट दर्द शुरू हुआ. दो दर्जन बच्चों को नांगल राजावतान अस्पताल में भर्ती कराया गया.

दौसा में मासूमों पर टूटा कहर! स्कूल का खाना बना जहर, 50 से ज्यादा बच्चे बीमार
Image Credit: dausa food poisoning

Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले दर्जनों बच्चे फूड पॉयजनिंग का शिकार हो गए. जानकारी के अनुसार चूड़ियावास गांव की उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पौषाहार के तहत चपाती और आलू की सब्जी परोसी गई थी. खाना खाने के तुरंत बाद ही बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. स्थिति बिगड़ने पर करीब दो दर्जन बच्चों को नांगल राजावतान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों को भी इलाज के लिए अस्पताल लाया जा रहा है. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजन स्कूल पहुँचे. फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासनिक अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए हैं.

बच्चों ने की थी शिक्षकों से शिकायत
जब पौषाहार खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बच्चों ने पेट दर्द, सिर दर्द और उल्टी की शिकायत शिक्षकों से की. शिक्षकों ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. पंचायत समिति सदस्य रामजीलाल बैजवाड़ी ने निजी वाहन और ग्रामीणों के अन्य वाहनों से बच्चों को नांगल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहीं मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने भी बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

Add Zee News as a Preferred Source

जिला अस्पताल किया गया रेफर
नांगल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद करीब तीन दर्जन बच्चों को दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया. कुछ बच्चों का उपचार नांगल राजावतान अस्पताल में ही चल रहा है. जिला अस्पताल पहुंचने पर कलेक्टर देवेंद्र कुमार और जिला परिषद सीईओ नरेंद्र मीणा ने बच्चों की कुशलक्षेम पूछी और अस्पताल प्रशासन को बच्चों को तुरंत और बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए.

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
कलेक्टर ने कहा कि फूड प्वाइजनिंग की असली वजह क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगी. इस संबंध में फूड सेफ्टी टीम को मौके पर भेजकर पौषाहार के नमूने लिए गए हैं और उन्हें प्रयोगशाला भिजवाया गया है. साथ ही शिक्षा विभाग को भी पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि बच्चों की तबीयत खराब होने के पीछे क्या कारण रहा. फिलहाल सभी बीमार बच्चों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. कलेक्टर ने कहा कि अगर जांच में किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Dausa News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी एक अनुभवी और समर्पित सब-एडिटर हैं, जो वर्तमान में ज़ी राजस्थान के साथ जुड़े हुए हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में करीब 2 साल का अनुभव है, और इस दौरान उन्होंने तेज, सटीक और भरोसेमंद न्यूज़ कंटेंट तैयार करके अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है. राजस्थान की हर बड़ी और छोटी खबर पर उनकी अच्छी पकड़ उन्हें एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है. अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं. सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.