&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले की बांदीकुई थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नांगल हरिपुरा निवासी विश्राम सैनी और सुरेश चंद सैनी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एक संगठित साइबर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो ठगी के पैसों को अपने बैंक खातों में लेकर नकद निकालने का काम करते थे.
क्या बोले एसपी सागर राणा?
एसपी सागर राणा ने बताया कि इस कार्रवाई का खुलासा बैंक खातों के एनालिसिस से हुआ. समन्वय पोर्टल की मदद से जब आरोपियों के खातों की जांच की गई, तो यह बात सामने आई कि उनके खातों में कुल 17 लाख 75 हजार रुपए ठगी की राशि आई थी. जांच से यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह ने पश्चिम बंगाल और गुजरात के दो अलग-अलग पीड़ितों से करीब 44 लाख रुपए की ठगी की थी. इनमें एक पीड़ित से 38 लाख 35 हजार और दूसरे से 6 लाख रुपए ऐंठे गए थे.
गिरोह तीन अलग-अलग टीमों में करता है काम
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह तीन अलग-अलग टीमों में काम करता था. पहली टीम ठगी का शिकार बनने वाले लोगों को ढूंढती थी. दूसरी टीम खुद को फर्जी पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ करती और उन्हें डराकर ठगी का शिकार बनाती. तीसरी टीम आरोपियों के बैंक खातों में ठगी के पैसे ट्रांसफर कराती और फिर उसे नकद निकालकर बाकी सदस्यों तक पहुंचाती थी.
साइबर अपराधियों पर बड़ी चोट
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े और भी कई राज सामने आ सकते हैं. बांदीकुई पुलिस की यह कार्रवाई जिले में सक्रिय साइबर अपराधियों पर बड़ी चोट मानी जा रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Dausa News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!