राजस्थान में 24 घंटे प्राइवेट हॉस्पिटल बंद! इमरजेंसी सेवाएं भी रहेंगी ठप, जानें क्यों?

Rajasthan News: राजस्थान में IMA ने 24 घंटे निजी चिकित्सा सेवाएं बंद रखने का ऐलान किया है. यह कदम डॉक्टर की गिरफ्तारी के विरोध में उठाया गया है. 14 से 15 अप्रैल तक अस्पताल व क्लीनिक बंद रहेंगे, जबकि सरकारी सेवाएं जारी रहेंगी.

राजस्थान में 24 घंटे प्राइवेट हॉस्पिटल बंद! इमरजेंसी सेवाएं भी रहेंगी ठप, जानें क्यों?
Image Credit: Rajasthan Hospital Closed

Private Hospitals in Rajasthan Closed for 24 Hours: राजस्थान में निजी चिकित्सा सेवाओं को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) राजस्थान ने राज्यभर में 24 घंटे के लिए निजी अस्पतालों और क्लीनिकों को बंद रखने का ऐलान किया है. यह कदम जयपुर के निविक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोन देव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में उठाया गया है.

आईएमए के पदाधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट पहले ही आ चुकी है, जिसमें किसी भी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई गई थी. इसके बावजूद आरजीएचएस योजना से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आधार पर डॉक्टर की गिरफ्तारी को संगठन ने अनुचित बताया है. आईएमए का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पूरे चिकित्सा समुदाय में असंतोष और डर का माहौल पैदा हो गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

आईएमए राजस्थान के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि राज्यभर के डॉक्टर इस कार्रवाई से बेहद आक्रोशित हैं. वहीं संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा और सचिव डॉ. एन.के. अग्रवाल ने कहा कि यह कदम चिकित्सा पेशे की गरिमा के खिलाफ है. उनका कहना है कि डॉक्टरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से उनके मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ता है और मरीजों की सेवा भी प्रभावित होती है.

इसी विरोध के चलते 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक पूरे राजस्थान में निजी चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी. इस दौरान निजी अस्पताल, क्लीनिक, मेडिकल कॉलेज और पैरामेडिकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी. आपातकालीन सेवाएं भी इस अवधि में सीमित रूप से प्रभावित हो सकती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

हालांकि इस बंद में सरकारी डॉक्टर शामिल नहीं होंगे. वे अपनी सेवाएं जारी रखेंगे ताकि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज बाधित न हो. लेकिन सरकारी चिकित्सक भी अपने स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर इस मुद्दे के प्रति अपनी नाराजगी जताएंगे.

इसके साथ ही आईएमए ने आरजीएचएस योजना को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. संगठन का कहना है कि इस योजना में भुगतान में देरी, अनावश्यक पेनल्टी और जटिल प्रक्रियाओं जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. इन्हीं कारणों से राज्यभर में आरजीएचएस सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की भी घोषणा की गई है. यह विवाद अब केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर बड़ा असर डालता दिख रहा है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी एक अनुभवी और समर्पित सब-एडिटर हैं, जो वर्तमान में ज़ी राजस्थान के साथ जुड़े हुए हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में करीब 2 साल का अनुभव है, और इस दौरान उन्होंने तेज, सटीक और भरोसेमंद न्यूज़ कंटेंट तैयार करके अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है. राजस्थान की हर बड़ी और छोटी खबर पर उनकी अच्छी पकड़ उन्हें एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है. अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं. सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.