&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान चैंबर द्वारा 'रिजर्व बैंक इंटीग्रेटेड ऑम्बड्समैन स्कीम 2021' पर जागरूकता सत्र आयोजित हुआ. राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के सहयोग से विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. इस सत्र का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों और उद्योग संगठनों को 'रिजर्व बैंक इंटीग्रेटेड ऑम्बड्समैन स्कीम 2021' के बारे में जानकारी देना और उन्हें वैकल्पिक शिकायत निवारण प्रणाली की प्रक्रिया से अवगत कराना था.
उपभोक्ता शिकायतों का समाधान
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ. इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक इंटीग्रेटेड ऑम्बड्समैन के सहायक महाप्रबंधक रमेश किशनानी और योगेश चौधरी ने प्रतिभागियों को योजना की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और उपयोगिता के बारे में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से बताया. उन्होंने समझाया कि इस योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं, एनबीएफसी और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स से संबंधित उपभोक्ता शिकायतों के समाधान हेतु एक एकीकृत, सरल और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है.
उद्यमियों और व्यापार प्रतिनिधियों से की अपील
सत्र में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन ने बताया कि एमएसएमई क्षेत्र आर्थिक विकास की रीढ़ है और इन्हें वित्तीय लेन-देन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. उन्होंने सभी उद्यमियों और व्यापार प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि ग्राहकों की शिकायतों को तय समय और निष्पक्ष तरीके से निपटाना रिजर्व बैंक की प्राथमिकता है और इस दिशा में यह योजना एक ऐतिहासिक कदम है. इस प्रणाली से ग्राहकों को राहत तो मिलेगी ही, साथ ही बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए भी एक स्पष्ट और पारदर्शी तंत्र उपलब्ध होगा.
कौन-कौन रहा मौजूद
राजस्थान चैंबर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डी.एस. भंडारी, सुधीर पालीवाल, उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश मानद, महासचिव आनंद महरवाल, बृज बिहारी शर्मा, विजय गोयल, अतिरिक्त मानद सचिव प्रभात गुप्ता सहित बड़ी संख्या में एमएसएमई उद्यमियों, उद्योग संघों, व्यापारिक संगठनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वित्तीय विशेषज्ञों और छात्रों ने भाग लिया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!