&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: परिवहन विभाग में एक बार फिर सवाईमाधोपुर जिला परिवहन कार्यालय जैसा मामला सामने आया है. यहां जयपुर आरटीओ प्रथम में वाहनों की एनओसी जारी करने में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है. यहां सूचना सहायक से लेकर डीटीओ के अप्रूवल तक के सभी कार्य एक ही कार्मिक ने कर दिए हैं. आइए जानते हैं कि क्या है पूरा गड़बड़झाला.
परिवहन विभाग के कारनामे आ रहे सामने
परिवहन विभाग में गड़बड़ियों के एक के बाद एक कारनामे सामने आ रहे हैं. मई माह में परिवहन विभाग ने सवाईमाधोपुर जिला परिवहन कार्यालय में गड़बड़ियों को लेकर बड़ी कार्रवाई की थी. यहां पुराने ट्रैक्टरों का एक्स डिप्लोमैट कैटेगरी में फर्जी तरीके से पंजीयन कर दिया गया था. इस आधार पर परिवहन सचिव शुचि त्यागी के निर्देश पर 3 जिला परिवहन अधिकारियों सहित कुल 10 कार्मिकों को निलंबित किया गया था. इन 3 जिला परिवहन अधिकारियों में सबसे बड़ी गड़बड़ी डीटीओ दयाशंकर गुप्ता की रही थी. गुप्ता ने डीटीओ रहते हुए यहां वाहनों का इन्वार्ड से लेकर वैरीफिकेशन और अप्रूवल के सभी कार्य खुद ही कर दिए थे. जबकि नियमानुसार इन्वार्ड का कार्य सूचना सहायक करते हैं और वैरीफिकेशन का कार्य सम्बंधित बाबू द्वारा किया जाता है. इसके बाद अप्रूवल जिला परिवहन अधिकारी करते हैं. सवाईमाधोपुर के तत्कालीन डीटीओ दयाशंकर गुप्ता की ही तरह जयपुर आरटीओ प्रथम कार्यालय में गड़बड़ी सामने आई है. यहां अपने वाहन को दूसरे राज्य में ले जाने के इच्छुक लोगों ने जब एनओसी लेनी चाही तो वाहन के इन्वार्ड से लेकर वैरीफिकेशन और अप्रूवल तक सब कार्य एक ही कार्मिक ने कर दिए.
एंट्री भी खुद की, अप्रूवल के लिए DTO बन गए !
- वाहन संख्या RJ14JY8040 की NOC में किया गया गड़बड़झाला
- 27 जनवरी 2025 को दोपहर 2:15 बजे एंट्री यानी इन्वार्ड किया गया
- दोपहर 2:16 बजे इसे वैरीफाई करते हुए तुरंत ही 1 मिनट में अप्रूव किया
- यहां इन्वार्ड, वैरीफिकेशन और अप्रूव तीनों कार्य एक व्यक्ति ने किए
- जयपुर RTO प्रथम के पीए शंकरलाल दूड़िया ने किए तीनों कार्य
- इसी तरह वाहन RJ14JC2089 की NOC जारी करने में गड़बड़झाला
- 20 जनवरी 2025 को दोपहर 12:55 बजे एंट्री की गई
- दोपहर 12:56 बजे वैरीफाई, दोपहर 12:56 बजे अप्रूव कर दिया गया
- 29 जनवरी 2025 को वाहन RJ45CN5948 की NOC में गड़बड़ी
- दोपहर 12:32 बजे एंट्री, 12:33 बजे वैरीफाई और अप्रूव किए
- 31 जनवरी 2025 को वाहन RJ14CF4819 की NOC में गड़बड़ी
- शाम 4:46 बजे एंट्री, 4:46 बजे वैरीफाई, 4:47 बजे अप्रूवल किया
आरटीओ के निजी सहायक का भूमिका आई सामने
दूसरे राज्यों के लिए एनओसी जारी करने की प्रक्रिया में तीनों स्टेप आरटीओ के निजी सहायक शंकरलाल दूड़िया पूरा कर रहे हैं. नियमानुसार अप्रूवल का कार्य केवल जिला परिवहन अधिकारी द्वारा ही किया जा सकता है. लेकिन यहां आरटीओ राजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने निजी सचिव को अप्रूवल का कार्य भी दिया हुआ है, जो कि पूरी तरह से नियम विरुद्ध है. रोचक यह भी है कि यह पद निजी सहायक का है, जबकि दूड़िया निजी सचिव के उच्च पद पर पदोन्नत हो चुके हैं. इसके बावजूद निचले स्तर के पद पर पद विरुद्ध लगे हुए हैं.
इन वाहनों की NOC जारी करने में भी गड़बड़ी
- 28 जनवरी 2025 को वाहन RJ14CK0393 की NOC में गड़बड़ी
- शाम 4:21 बजे एंट्री, 4:21 बजे वैरीफाई और 4:22 बजे अप्रूव किया
- 21 फरवरी 2025 को वाहन RJ14CM7448 की NOC में गड़बड़ी
- दोपहर 2:22 बजे वैरीफाई करते हुए अप्रूव किया
- 2 जनवरी 2025 को वाहन RJ041M5301 की NOC में गड़बड़ी
- दोपहर 1:26 बजे वैरीफाई करते हुए मात्र 8 सैकंड में अप्रूवल किया
- 3 जनवरी 2025 को वाहन RJ14EA5527 की NOC में गड़बड़ी
- दोपहर 2:31 बजे एंट्री, मात्र 12 सैकंड में वैरीफाई और अप्रूवल
- 31 जनवरी 2025 को वाहन RJ14UB6010 की NOC में गड़बड़ी
- 31 जनवरी 2025 को वाहन RJ14CQ4804 की NOC में गड़बड़ी
- 24 जनवरी 2025 को वाहन RJ14HK4372 की NOC में गड़बड़ी
और भी कई सबूत हैं मीडिया के पास
यह तो कुछ वाहनों की एनओसी के उदाहरण मात्र हैं. जी मीडिया के पास उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक 1 जनवरी 2025 से लेकर 9 मई 2025 की अवधि में 377 वाहनों को अनाधिकृत तरीके से एनओसी जारी की गई. यह एनओसी एक कार्मिक शंकरलाल दूड़िया द्वारा जारी की गई हैं. वहीं दूड़िया इस पद पर पिछले 5 साल से लगे हुए हैं, ऐसे में माना जा रहा है? कि उन्होंने हजारों की संख्या में वाहनों की गलत एनओसी जारी की हैं. देखना होगा कि सवाई माधोपुर जैसे इसी तरह के गड़बड़झाले पर परिवहन विभाग क्या कार्रवाई करता है?
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!