&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
SI Exam Cancelled: राजस्थान हाईकोर्ट ने एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने का फैसला सुनाया है. फैसले आने के बाद से ही विपक्षी पार्टियां राज्य सरकार पर पूरी तरह से हमलावर होती हुई दिखाई दे रही हैं. इसी दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार के खिलाफ ट्वीट कर खूब खरी-खोटी सुनाई है.
क्या बोले पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा
माननीय हाई कोर्ट द्वारा एसआई भर्ती रद्द करने का निर्णय भाजपा सरकार के लिए करारा तमाचा साबित हुआ है. सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा ने झूठे वादों से युवाओं को भ्रमित किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद 20 महीनों तक केवल जुमलेबाजी और आपसी अंतर्द्वंद में उलझी रही. मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों की तकरार ने सरकार की अनिर्णय और असमंजस की स्थिति को उजागर किया. मेहनतकश अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला और नकल माफिया के बड़े मगरमच्छों पर भी कार्रवाई नहीं हो सकी. स्पष्ट है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता कभी भी युवा नहीं रहे, और उसकी असक्षमता ही पर्ची सरकार की पहचान बन गई है.
टीकाराम जूली ने क्या किया ट्वीट?
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी भाजपा पर जमकर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि एसआई भर्ती परीक्षा को रद्द करने का हाईकोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं के हित में काम करती रही है. पेपर लीक के खिलाफ सबसे कठोर कानून जैसे कि उम्रकैद की सजा, 10 करोड़ रुपये जुर्माना और दोषियों की संपत्ति कुर्क करने का प्रावधान भी सबसे पहले राजस्थान में पिछली कांग्रेस सरकार ने ही बनाया था. उसी दौरान रीट लेवल-2 परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने पर सरकार ने उसे रद्द कर समयबद्ध तरीके से पुनः परीक्षा आयोजित करवाई और 50,000 युवाओं को रोजगार दिया. इसके विपरीत भाजपा जनता के बीच तो सब-इंस्पेक्टर परीक्षा को लेकर अलग बातें करती रही, लेकिन अदालत में इसे रद्द न करने के प्रयास करती रही, जिससे उसका दोहरा चरित्र उजागर हो गया है.
SI भर्ती परीक्षा के मुख्य बिंदु
राजस्थान में 859 पदों पर एसआई भर्ती के लिए विज्ञप्ति 3 फरवरी 2021 को जारी हुई और 10 मार्च 2021 आखिरी तारीख तय की गई. इस भर्ती में 3 लाख 97 हजार 30 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 3 लाख 83 हजार 728 ने 11 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा दी. 24 दिसंबर 2021 को आए परिणाम में 20,364 अभ्यर्थी पास हुए. इसके बाद 12 से 18 फरवरी 2022 तक रेंज स्तर पर फिजिकल परीक्षा हुई, जिसमें 3,294 उम्मीदवार सफल रहे. आगे 23 जनवरी से 30 मई 2023 तक इंटरव्यू आयोजित हुए, जिसमें 3,094 अभ्यर्थी पास हुए. अंततः 1 जून 2023 को अंतिम परिणाम घोषित हुआ और 859 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. इनमें से 824 को 3 से 13 अक्टूबर 2023 के बीच ज्वॉइनिंग दी गई.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!