Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 21 अप्रैल 2025 को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (JD) वेंस के जयपुर दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारियां शुरू कर दी हैं.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर में 21 अप्रैल 2025 को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (JD) वेंस के जयपुर दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारियां शुरू कर दी हैं. वेंस 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक जयपुर यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण और उच्चस्तरीय मुलाकातों के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं.
सुरक्षा में तैनात रहेंगे इतने अधिकारी
उपराष्ट्रपति वेंस की सुरक्षा में 7 IPS अधिकारी, 20 एडिशनल डीसीपी, 40 एसीपी और लगभग 300 एएसआई, एसआई और सीआई तैनात किए जा रहे हैं. इसके अलावा 2100 कांस्टेबल को फील्ड ड्यूटी पर लगाया जाएगा.
वहीं हेल्थ इमरजेंसी के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे. जयपुर के तीन प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को हर ब्लड ग्रुप की 5 यूनिट रिजर्व में रखने के निर्देश दिए गए हैं. वेंस और उनकी टीम के साथ एक अत्याधुनिक एंबुलेंस, सीनियर डॉक्टर्स की टीम और एमरजेंसी मेडिकेशन की व्यवस्था 24 घंटे रहेगी.
खाने-पीने की पूरी व्यवस्था
वेंस की टीम जहां भी ठहरेगी, वहां फूड टेस्टिंग टीम पहले सभी खाद्य पदार्थों की जांच करेगी. हर मील की पूर्व टेस्टिंग के बाद ही सर्विंग होगी, ताकि किसी भी तरह की हेल्थ रिस्क को टाला जा सके.
वेंस से मिलने वाले हर व्यक्ति का कोविड-19 टेस्ट (रैपिड एंटीजन टेस्ट) अनिवार्य किया गया है. साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन भी पूरा किया जा चुका है.वेंस के काफिले में 20 से ज्यादा सरकारी गाड़ियां शामिल रहेंगी.
एयरपोर्ट से लेकर होटल और कार्यक्रम स्थलों तक हर पॉइंट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहेंगी. वेंस 21 अप्रैल को दिल्ली पहुंचने के कुछ घंटे बाद परिवार समेत स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा करेंगे. इसके बाद वे हैंडीक्राफ्ट हब और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का विजिट भी कर सकते हैं.
सोमवार शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी उपराष्ट्रपति की मेजबानी करेंगे. इस दौरान भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने पर चर्चा होगी. पीएम मोदी अमेरिकी डेलिगेशन के लिए विशेष डिनर भी होस्ट करेंगे.