सोमवार बना दिल के मरीजों के लिए सबसे खतरनाक दिन, जानें चौंकाने वाली वजह

Rajasthan News: वर्ल्ड हार्ट डे पर खुलासा हुआ है कि सोमवार को दिल के मरीजों की संख्या 15% बढ़ जाती है. इसका कारण वीकेंड की अनियमित दिनचर्या और सोमवार का बढ़ता तनाव है, जिससे युवाओं में भी खतरा बढ़ रहा है.

सोमवार बना दिल के मरीजों के लिए सबसे खतरनाक दिन, जानें चौंकाने वाली वजह
Image Credit: Jaipur News

Jaipur News: आज वर्ल्ड हार्ट डे पर, एक चौंकाने वाली बात सामने आई है. हमारी बदलती जीवनशैली न केवल दिल की बीमारियों को बढ़ा रही है, बल्कि सप्ताह का पहला दिन सोमवार भी हमारे दिल के लिए एक बड़ा खतरा बन रहा है. अस्पतालों की ओपीडी में आम दिनों की तुलना में सोमवार को दिल की समस्याओं वाले मरीजों की संख्या में 15% की बढ़ोतरी देखी जा रही है.

सोमवार का बढ़ता तनाव
वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट और सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी के अनुसार, शनिवार और रविवार को लोग अपनी सामान्य दिनचर्या से हटकर जीवन जीते हैं. देर रात तक पार्टियां, जंक फूड का सेवन, नींद की कमी और शराब का सेवन सीधे तौर पर दिल पर असर डालते हैं. सोमवार की सुबह जब लोग अचानक से अपनी व्यस्त दिनचर्या में लौटते हैं, तो यह बदलाव शरीर में तनाव वाले हार्मोन को बढ़ा देता है, जिससे दिल पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है. यही कारण है कि अधिकतर नौकरीपेशा लोग सोमवार को काम का बोझ, मीटिंग्स और चिंता के कारण दिल से जुड़ी समस्याओं का सामना करते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

आंकड़े भी कर रहे हैं इशारा
जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में पिछले कुछ सालों के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि दिल के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

साल 2022: 1,40,689 मरीज

साल 2023: 1,80,580 मरीज

साल 2024: 1,82,176 मरीज

साल 2025 (जुलाई तक): 1,04,093 मरीज

यह आंकड़े एक गंभीर चेतावनी देते हैं. यदि इस ट्रेंड को नजरअंदाज किया गया, तो आने वाले समय में युवाओं में दिल की बीमारियों की दर और भी बढ़ सकती है.

लाइफस्टाइल में बदलाव की है जरूरत
चिकित्सकों का मानना है कि अब लाइफस्टाइल और स्ट्रेस मैनेजमेंट सिर्फ एक विकल्प नहीं, बल्कि एक आवश्यकता बन गए हैं. यदि लोग समय रहते अपनी दिनचर्या में सुधार करें और तनाव को नियंत्रित करना सीखें, तो सोमवार का दबाव दिल के लिए खतरा नहीं बनेगा. स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम, पौष्टिक आहार और पर्याप्त नींद को अपनी आदत बनाना बेहद जरूरी है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur news हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

Arti Patel

Arti Patel

आरती पटेल(Arti Patel) ज़ी राजस्थान न्यूज़ में Trainee Editor के रूप में कार्यरत हैं और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से PG Diploma (Hindi Journalism) किया है.अपने करियर की शुरुआत उन्होंने डिजिटल मीडिया से की थी.1 साल 4 महीने के पत्रकारिता करियर में उन्होंने लोकल, क्राइम, हेल्थ, पॉलिटिकल, वायरल, ट्रैवल और लाइफस्टाइल जैसे विभिन्न क्षेत्रों (बीट) पर काम किया है. इससे पहले वह United News of India (UNI), Delhi में इंटर्नशिप कर चुकी हैं और TV7 Bharat में Trainee Social Media Manager के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. हेडलाइन लेखन, एडिटिंग (संपादन) और कंटेंट पैकेजिंग उनकी प्रमुख खासियत हैं.
Read More