Trending Photos

Police Boycott Holi: राजस्थान में हर बार आमजन के होली मनाने के अगले दिन बाद राजस्थान पुलिस होली का त्योहार मनाती है, लेकिन इस बार प्रदेश के कई जिलों में पुलिस के जवानों ने होली से दूरी बना ली. पुलिस के कुछ मांगों को सरकार की अनदेखी से नाराज होकर पुलिसकर्मियों ने होली का बहिष्कार कर दिया.
पुलिसकर्मियों के होली नहीं मनाने से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है. अब अलग-अलग दल के निताओं के बयान सामने आ रहे हैं. शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने राजस्थान पुलिस के समर्थन में आवाज उठाई. रविंद्र सिंह भाटी ने भजनलाल सरकार से आग्रह किया है. रविंद्र सिंह भाटी ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि होली उल्लास और आपसी भाईचारे का पर्व है.
हर वर्ष जब आमजन रंगों में सराबोर होकर इस उत्सव को मनाते हैं, तब राजस्थान पुलिस के जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में तैनात रहते हैं. परंपरा के अनुसार धुलंडी के अगले दिन वे अपना होली उत्सव मनाते हैं, लेकिन इस बार प्रदेश में हमारे जवानों ने अपनी जायज मांगों को लेकर इस उत्सव से दूरी बना ली है.
हाल ही में राजस्थान विधानसभा सत्र के दौरान भी इन मांगों को सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया गया था. आज जब हमारे सुरक्षा प्रहरी स्वयं उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, तो यह सरकार के लिए आत्मचिंतन का विषय होना चाहिए. पुलिसकर्मी हमारी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना हमारी नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी भी है.
आगे भाटी ने लिखा कि मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि राजस्थान पुलिस के जवानों की मांगों को गंभीरता से लें और उनपर सकारात्मक निर्णय लेकर पुलिसकर्मियों को उनके अधिकार दिलाएं, ताकि वे भी होली के इस पावन पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें.
वहीं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का भी बयान सामने आया है. सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि आज पुलिसकर्मी होली का बहिष्कार कर रहे हैं क्योंकि राजस्थान सरकार डीपीसी से प्रमोशन, मैस भत्ता बढ़ाने सहित पुलिस कार्मिकों की अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं ले रही है.
मेरी राज्य के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से अपील है कि पुलिस कार्मिकों की मांगों का अविलंब सकारात्मक समाधान निकालें. क्योंकि सरकार की हठधर्मिता की वजह से ही साल में एक बार आने वाले होली जैसे पावन पर्व को पुलिस कार्मिक नहीं मना रहे हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!