&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ बयान दिया तो प्रदेश बीजेपी बचाव में उतरी. बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने गहलोत के बयान पर पलटवार किया. परनामी ने कहा कि कोई बार बार झूठ बोले तो उसे करारा जवाब देना चाहिए, वरना पब्लिक झूठ को सच मान लेगी.
पूर्व सीएम गहलोत ने लगाए थे आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार और संघ पर टिप्पणी की. गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार नाम की चीज नजर नहीं आ रही, खुद की प्रशंसा में व्यस्त है सरकार. इधर मामला मीडिया में आया तो प्रदेश बीजेपी बचाव में उतरी. बीजेपी ने पूर्व सीएम गहलोत के बयान पर पलटवार करने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी को मैदान में उतारा. इस तरह गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया को लेकर परनामी ने कहा कि निरंतर झूठ बोला जाए और उसका जवाब नहीं दिया जाए तो एक दिन वह झूठ सत्य हो जाता है. पब्लिक उसे सच मान लेती है. इसलिए झूठ का हमेशा करारा जवाब देना चाहिए उसे अपनाना नहीं चाहिए सत्य को अपनाना चाहिए.
भाजपा नेता ने किया पलटवार
गहलोत के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सलाहकारों पर टिप्पणी को लेकर अशोक परनामी ने कहा कि भजनलालजी के सलाहकारों को छोड़िए गहलोत जी पहले यह बताएं, उनके सलाहकार कौन थे, जिन्होंने उन्हें अपने ही युवा नेता को नाकारा-निकम्मा बोलने की सलाह दी थी. गहलोत ने पिछले पांच साल सिर्फ कुर्सी की लड़ाई में आपसी झगड़ों में निकाल दिए. मैं गहलोत से पूछना चाहता हूं कि वे युवाओं के विरोध में क्यों है ? गहलोत जी राजनीति मजे के लिए नहीं बल्कि जनसेवा के लिए होती है और यह बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बखूबी साबित कर रहे हैं. अब ऐसा लगता है कि अशोक गहलोत युवा और किसान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन और विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं.
पीएम मोदी के सपनों का भारत बताया
परनामी ने कहा कि गहलोत जी यह नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत है. भाजपा सरकार संगठन के साथ एकमुखी होकर जनता को विकास की योजनाएं दे रही है. गहलोत अपने तीन बार के मुख्यमंत्री कार्यकाल में जो कार्य नहीं करा सके, वे सभी काम जन-जन के लाडले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने 20 माह के ही कार्यकाल में कर दिखाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जो कहते है उसे पूरा करते हैं. भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 50 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा कर दिखाया है. भजनलाल शर्मा ने प्रदेश को ईआरसीपी, यमुना जल समझौते की सौगात दी. बिजली में प्रदेश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ, युवाओं को 75 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है.
सीएम शर्मा की तारीफ की
उन्होंने कहा कि गहलोत झूठे वादे करके ही हमेशा सत्ता में आए. उनके पिछले कार्यकाल में पेपरलीक की घटनाओं ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. प्रदेश की जनता को उनका जंगल राज याद है, जब प्रदेश महिला अपराध में नम्बर वन, महंगी बिजली में नम्बर वन था. उन्होंने कर्जमाफी का झूठा वादा कर किसानों को लूटा, पेट्रोल-डीजल से जनता की जेब पर डाका डाला. गहलोत के कार्यकाल में प्रदेश भ्रष्टाचार में नम्बर वन था. उन्होंने कहा कि गहलोत जी को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अच्छे कार्यों की प्रशंसा करनी चाहिए और अपने सुझाव भी देने चाहिए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!