&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा के विधानसभा में अतिरिक्त कैमरे लगाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने जमकर विरोध किया, जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को दोपहर 1 बजे तक स्थगित कर दिया. हंगामे के बाद कांग्रेस विधायकों ने प्रश्नकाल का बहिष्कार किया और सदन से बाहर निकल गए. जैसे ही कार्यवाही की शुरुआत हुई, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विपक्ष की तरफ कैमरे लगाए जाने पर सवाल खड़ा किया.
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किए खड़े
नेता प्रतिपक्ष ने प्रश्नकाल में स्पीकर से व्यवस्था देने की मांग पर जोर दिया. उनका कहना था कि जब तक इस विषय पर स्पष्ट व्यवस्था नहीं दी जाती, वे कार्यवाही में भाग नहीं लेंगे. इसके बाद कांग्रेस विधायक वेल में उतर आए और नारेबाजी करते हुए पोस्टर लहराने लगे. शोरगुल के बीच प्रश्नकाल चलता रहा और सवाल-जवाब की प्रक्रिया जारी रही. अंत में कांग्रेस विधायकों ने प्रश्नकाल का बहिष्कार कर सदन छोड़ दिया. संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस बिना वजह राजनीति कर रही है और जानबूझकर सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रही है.
आज मानसून सत्र का आखिरी दिन
विधानसभा का मानसून सत्र आज अंतिम चरण में है. प्रश्नकाल के बाद झालावाड़ स्कूल हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया. गौरतलब है कि सत्र के पहले दिन श्रद्धांजलि न देने को लेकर कांग्रेस ने जोरदार हंगामा किया था. इस पूरे मानसून सत्र में कांग्रेस का रुख तीखा रहा और लगभग हर दिन नए मुद्दों पर पैदल मार्च व विरोध प्रदर्शन होते रहे.
बीजेपी विधायक ने कसा तंज
बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों के गले में ही कैमरे टांग देने चाहिए ताकि उनकी हर गतिविधि और हर शब्द रिकॉर्ड हो सके. उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही जनता के हित में होती है और लोगों का अधिकार है कि वे देखें उनके प्रतिनिधि किस तरह व्यवहार कर रहे हैं. शर्मा के अनुसार कैमरों से पारदर्शिता बढ़ेगी और विधायक कुछ भी अनुचित बोलने से पहले सोचेंगे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!